चाकू की नोक पर लूट करने वाले दो बदमाश दबोचे, डेढ़ लाख का माल बरामद

चाकू की नोक पर लूट करने वाले दो बदमाश दबोचे, डेढ़ लाख का माल बरामद
80 फिट रोड पर रास्ता रोककर की थी वारदात, चंद घंटों में ही सलाखों के पीछे पहुंचे आरोपी
भोपाल, यशभारत। राजधानी के निशातपुरा थाना इलाके में देर रात राहगीर को डरा-धमकाकर लूट करने वाले शातिर बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों के पास से पुलिस ने लूटी गई मोटरसाइकिल, सोने-चांदी के जेवरात और नकदी समेत करीब डेढ़ लाख रुपये का मशरूका बरामद किया है।
शादी समारोह से लौट रहे युवक को बनाया निशाना
पुलिस के मुताबिक, फरियादी हर्ष वर्मा (33) निवासी जुमेराती, शुक्रवार रात करीब 1:40 बजे अपने परिचित को शंकर नगर छोड़कर वापस लौट रहे थे। जब वे 80 फिट रोड स्थित शिव मंदिर के पास पहुंचे, तभी एक युवक ने उनकी मोटरसाइकिल के सामने आकर रास्ता रोक लिया। इससे पहले कि हर्ष कुछ समझ पाते, आरोपी के दो अन्य साथी भी वहां पहुंच गए।
टपरे में ले जाकर दी जान से मारने की धमकी
बदमाश हर्ष को सड़क किनारे बने एक टपरे में ले गए, जहां उन्होंने चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। बदमाशों ने हर्ष की एक सोने की अंगूठी, दो चांदी की अंगूठी, पर्स में रखे 800 रुपये और मोबाइल फोन छीन लिया। वारदात के बाद आरोपी हर्ष की होंडा स्टेनर मोटरसाइकिल भी लूटकर बेस्ट प्राइस की ओर फरार हो गए।
थाना प्रभारी मनोज पटवा ने बताया कि घटना की रिपोर्ट मिलते ही पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्य और क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और पुरानी वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है।







