मामूली विवाद में दो भाइयों पर सरेराह चाकू से हमला

मामूली विवाद में दो भाइयों पर सरेराह चाकू से हमला
भोपाल,यशभारत। राजधानी के ऐशबाग थाना इलाके में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। यहाँ अहमद नगर, अली कॉलोनी में मामूली कहासुनी के बाद तीन बदमाशों ने मिलकर दो सगे भाइयों पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में दोनों भाई लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश तेज कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, अली कॉलोनी निवासी 39 वर्षीय आसिफ खान का विवाद क्षेत्र के ही फेज, मोहम्मद अली और सैफ अली से हुआ था। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपियों ने आसिफ और उसके भाई पर चाकुओं से ताबड़तोड़ वार कर दिए। चीख-पुकार सुनकर जब तक लोग मदद के लिए दौड़ते, आरोपी मौके से फरार हो चुके थे।
घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। ऐशबाग थाना पुलिस ने फरियादी आसिफ की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ मारपीट और चाकूबाजी की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।







