कोहेफिजा के एयरपोर्ट ब्रिज पर ट्रक और कार में भिड़ंत, कार सवार घायल

कोहेफिजा के एयरपोर्ट ब्रिज पर ट्रक और कार में भिड़ंत, कार सवार घायल
भोपाल, यश भारत। राजधानी के कोहेफिजा थाना क्षेत्र स्थित एयरपोर्ट ब्रिज पर गुरुवार को एक सड़क हादसा हो गया। यहाँ एक तेज रफ्तार ट्रक और कार के बीच आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास मौजूद लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। राहगीरों ने तुरंत इस दुर्घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी और घायलों को कार से बाहर निकालने में मदद की।
हादसे के तुरंत बाद एयरपोर्ट मार्ग पर दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं। सड़क पर गाड़ियाँ रुकने के कारण काफी देर तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा, जिससे वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
सूचना मिलने पर कोहेफिजा थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची और घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू कराया और मामले की जाँच शुरू कर दी है।







