पेड़ गिरने से कच्चे मकान की दीवार ढही, मलबे में दबकर रिक्शा चालक की मौत
हनुमानताल थाना क्षेत्र के बाबाटोला में हुआ हादसा

जबलपुर,यशभारत। हनुमानताल थाना क्षेत्र अंतर्गत राधा कृष्ण वार्ड स्थित चोपड़ा कुआं के पास शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसे में जामुन का विशाल पेड़ गिरने से कच्चे मकान की दीवार धराशायी हो गई। दीवार के मलबे की चपेट में आने से मकान में मौजूद नरबद प्रसाद चौधरी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पेड़ गिरते ही मकान की दीवार भरभराकर गिर गई और उसके नीचे नरपत प्रसाद दब गए। आसपास के लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू करते हुए उन्हें मलबे से बाहर निकाला और उपचार के लिए विक्टोरिया अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल अस्पताल रेफर कर दिया। मेडिकल अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
जानकारी के अनुसार मृतक नरपत प्रसाद चौधरी रिक्शा चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। घटना के समय वह घर पर अकेले थे, जिससे समय पर सहायता नहीं मिल सकी। उनकी मृत्यु की खबर मिलते ही परिवार और मोहल्ले में शोक की लहर फैल गई सूचना मिलने पर हनुमानताल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण पेड़ गिरने से दीवार का ढहना बताया जा रहा है। पुलिस आसपास के लोगों के बयान दर्ज कर घटना के संबंध में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।







