बरगी बाईपास पर दर्दनाक सड़क हादसा, हाइवा की टक्कर से पुरुष और बच्ची की मौत, महिला गंभीर घायल
जबलपुर, यश भारत

बरगी बाईपास पर दर्दनाक सड़क हादसा, हाइवा की टक्कर से पुरुष और बच्ची की मौत, महिला गंभीर घायल
जबलपुर, यश भारत। बरगी बाईपास स्थित नर्मदा पुल के पास सोमवार को एक भीषण सड़क दुर्घटना में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा तेज रफ्तार हाइवा की मोटरसाइकिल से टक्कर के कारण हुआ। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार दुर्घटना के समय मोटरसाइकिल पर तीन लोग सवार थे। तेज रफ्तार हाइवा ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पर सवार एक पुरुष और एक बच्ची ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि साथ में सवार महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही बरगी चौकी प्रभारी पुलिस टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू कराया। घायल महिला को तत्काल उपचार के लिए मेडिकल अस्पताल भेजा गया। वहीं दोनों मृतकों के शवों का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल अस्पताल रवाना किया गया।
एडिशनल एसपी ग्रामीण सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि दुर्घटना करने वाले हाइवा वाहन को जब्त कर बरगी चौकी में खड़ा करवा दिया गया है। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।







