भोपालमध्य प्रदेश

महिला आयोग की जनसुनवाई में 30 प्रकरण पहुंचे , अध्यक्ष रेखा यादव, सदस्य साधना स्थापक रही मौजूद पारिवारिक विवादों में समझौते की पहल, घरेलू हिंसा मामलों में दिए निर्देश

महिला आयोग की जनसुनवाई में 30 प्रकरण पहुंचे , अध्यक्ष रेखा यादव, सदस्य साधना स्थापक रही मौजूद 

पारिवारिक विवादों में समझौते की पहल, घरेलू हिंसा मामलों में दिए निर्देश

भोपाल यश भारत। मध्यप्रदेश राज्य महिला आयोग में बुधवार को संयुक्त बेंच के तहत जनसुनवाई आयोजित की गई। आयोग की अध्यक्ष रेखा यादव और सदस्य साधना स्थापक ने महिलाओं की समस्याएं सुनते हुए संबंधित मामलों के निराकरण के लिए आवश्यक निर्देश जारी किए। जनसुनवाई में कुल 30 प्रकरण प्रस्तुत किए गए जिनमें से 15 मामलों पर सुनवाई कर आगे की कार्रवाई की गई। सुनवाई के दौरान पारिवारिक विवाद घरेलू हिंसा भरण-पोषण और वैवाहिक मतभेद से जुड़े मामलों पर विशेष रूप से विचार किया गया। एक मामले में महिला ने आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष ने उसे घर से निकाल दिया जिसके कारण वह किराए के मकान में रहने को मजबूर है। आयोग ने मामले के सभी तथ्यों को संज्ञान में लेते हुए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। घरेलू हिंसा से जुड़े एक अन्य प्रकरण में आयोग ने पति-पत्नी के बीच काउंसलिंग और संवाद की पहल की। सकारात्मक माहौल में हुई चर्चा के बाद दोनों पक्ष साथ रहने पर सहमत हो गए और आवेदिका ने अपना मामला वापस लेने की इच्छा जताई। आयोग के प्रयासों से दो अन्य मामलों में भी पक्षकारों के बीच आपसी समझौता हुआ जिससे पारिवारिक विवादों का सौहार्दपूर्ण समाधान संभव हो सका। वहीं एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई कि उसके पति ने दूसरी शादी कर ली है और वह उसे तथा उसके बच्चों को अपने साथ रखने से इंकार कर रहा है। आयोग ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। जनसुनवाई के दौरान आयोग के सचिव सुरेश तोमर भी उपस्थित रहे। आयोग ने बताया कि महिलाओं की समस्याओं के त्वरित और प्रभावी निराकरण के उद्देश्य से 12 जून 2026 को भी जनसुनवाई आयोजित की जाएगी जिसमें लंबित एवं संबंधित प्रकरणों की सुनवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button