जबलपुरमध्य प्रदेश

जबलपुर नगर निगम सदन की बैठक के दूसरे दिन भी हंगामा

दामोदर सोनी ने कहा-सड़क पर पैर टूटा तो देंगे बैसाखी

जबलपुर,यश भारत। नगर निगम सदन की बैठक का दूसरा दिन भी हंगामे की भेंट चढ़ गया। विपक्षी पार्षदों ने शहर में कचरा कलेक्शन, साफ-सफाई व्यवस्था और सड़कों की बदहाली के मुद्दे को लेकर सदन में जमकर हंगामा किया। बैठक के दौरान विपक्षी पार्षद मुखीमा अंसारी ने सबसे पहले सड़क और सफाई व्यवस्था पर सवाल उठाए। उनके वक्तव्य पर चर्चा के दौरान एमआईसी सदस्य राम सोनकर से तीखी नोकझोंक हो गई। दोनों नेताओं के बीच हुए इस विवाद ने पूरे सदन का माहौल गरमा दिया।

दामोदर सोनी ने कहा-सड़क पर पैर टूटा तो देंगे बैसाखी

002 1

बहस के दौरान पार्षद दामोदर सोनी ने कटाक्ष करते हुए कहा कि यदि किसी पार्षद का सड़क दुर्घटना में पैर टूट जाए, तो नगर निगम उन्हें बैसाखी उपलब्ध कराएगा। इस टिप्पणी को लेकर सदन का माहौल और भी गरमा गया। नेता प्रतिपक्ष ने इस बयान को अशोभनीय बताते हुए संसदीय परंपराओं के खिलाफ करार दिया।

इसी बीच नेता प्रतिपक्ष अमरीश मिश्रा ने भी डोर टू डोर कचरा कलेक्शन और सफाई व्यवस्था की खामियों का मुद्दा उठाया। इस पर राम सोनकर ने नगर निगम द्वारा किए गए विकास कार्यों की चर्चा की। विपक्ष का आरोप था कि पुराने कार्यों को नए वित्तीय वर्ष की उपलब्धियों में गिनाया जा रहा है, जिससे जनता को गुमराह किया जा रहा है।

 

समाचार लिखे जाने तक विपक्षी पार्षदों ने नगर निगम सदन में आसंदी के सामने नारेबाजी और धरना प्रदर्शन जारी रखा था। उनका कहना था कि जब तक सफाई व्यवस्था और सड़कों की समस्याओं पर ठोस जवाब नहीं दिया जाता, विरोध जारी रहेगा। दूसरी ओर, सत्तापक्ष के पार्षद विकास कार्यों का बखान करते रहे, लेकिन विपक्ष संतुष्ट नहीं हुआ। नतीजा यह रहा कि बैठक का अधिकांश समय आरोप-प्रत्यारोप और हंगामे में ही निकल गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button