34 लाख का माल चुराने वाली महिलाओं का सुराग मिला, लेकिन तीन दिन बाद भी हाथ नहीं आईं -सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर तलाश हुई तेज

34 लाख का माल चुराने वाली महिलाओं का सुराग मिला, लेकिन तीन दिन बाद भी हाथ नहीं आईं
-सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर तलाश हुई तेज
-पुलिस का मानना योजना बनाकर दिया वारदात को अंजाम
भोपाल, यशभारत।
गौतम नगर इलाके में रहने वाले एक स्कूल संचालक के घर नौकरी बनाकर पहुंची शातिर चोर महिलाओं ने नगदी व जेवरात समेत करीब 34 लाख का माल चुरा लिया था। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पुलिस ने छानबीन के दौरान एक सीसीटीवी कैमरे की फुटेज मिली है, जिसमें आरोपी महिलाओं के बारे में सुराग मिला है, लेकिन आरोपी अब तक पुलिस के हाथ नहीं आईं हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपी महिलाओं की पहचान कर उनके बारे में जानकारी जुटा रही है।
टीलाजमालपुरा स्थित सनशाइन स्कूल के संचालक राजकुमार सिवनानी के यहां से सोने-चांदी के जेवरात, नगदी समेत करीब 34 लाख का माल चुराने वाली शातिर चोर मां-बेटी के बारे में पुलिस को अहम सुराग हाथ लगे हैं। कॉलोनी में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में दोनों आरोपी महिलाएं कैद हुईं हैं। जिसके आधार पर पुलिस उन तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। हालांकि पुलिस वारदात के चार दिन बाद भी आरोपी मां-बेटी तक नहीं पहुंच पाई है। पुलिस को अंदेशा है कि आरोपी महिलाओं ने शहर छोड़ दिया है।
बस स्टेण्ड, रेलवे स्टेशन पर भी सुराग जुटा रही पुलिस-
पुलिस आरोपी महिलाओं के शहर छोडक़र भागने की आशंका के चलते भोपाल के सभी बस स्टेण्ड, रेलवे स्टेशन पर भी सुराग जुटाने का प्रयास कर रही है। पुलिस इन स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। पुलिस को अंदेशा है कि अगर आरोपी महिलाओं ने शहर से भागने के लिए बस अथवा ट्रेन का इस्तेमाल किया है तो वह किसी न किसी कैमरे में कैद हुईं होंगी। इससे उनके भागने की दिशा का भी पता चल पाएगा।
किराए का मकान लिया, वारदात के तुरंत बाद छोड़ा-
थाना प्रभारी महेन्द्र सिंह ठाकुर ने बताया कि पुलिस टीम आरोपियों महिलाओं की जानकारी जुटाने के लिए सोशल मीडिया, स्थानिय पुलिस के साथ आसपास के जिलों की पुलिस से भी संपर्क में है। अब तक की जांच में पुलिस टीम महिला के कैची छोला स्थित किराए के मकान तक पहुंच गई है। जहां से पता चला है कि आरोपी महिलाओं ने 27 अगस्त को हो मकान किराय पर लिया और वारदात के ठीक बाद 29 अगस्त को मकान खाली कर दिया था।
क्या है पूरा मामला-
जानकारी के मुताबिक संत कवंरराम कॉलोनी निवासी राजकुमार सिवनानी पुत्र मोतीलाल(65) का टीलाजमालपुरा में सनशाइन नाम से स्कूल है। उनकी पत्नी स्कूली प्रिंसीपल हैं। गत 27 अगस्त को घरेलू कामकाज के लिए फरियादी राजकुमार ने खुद को मां-बेटी नीलम और पूनम नाम बताने वाली दो महिलाओं को नौकरी पर रखा था। इसी बीच दो दिन बाद यानी 29 अगस्त को राजकुमार और उनकी पत्नी स्कूल चली गईं थी, घर पर उनकी बुजुर्ग मां और दोनों नौकरानियां थी। इसी बीच दोनों शातिर मां-बेटी ने सोने-चांदी के जेवरात, नगदी साढ़े चार लाख रूपए समेत करीब 34 लाख रूपए का माल चुराया और वहां से चम्पत हो गई थी।







