कार्यकाल की खामोशी के बाद कुर्सी का कोलाहल: भाजयुमो में अचानक जागा ‘युवा उत्साह’…. पद की दस्तक सुनते ही जागी सक्रियता: भाजयुमो नगर अध्यक्ष की दौड़ में कई चेहरे

जबलपुर की राजनीति भी अजीब रंगमंच है—यहां संवाद कम और संकेत ज्यादा समझे जाते हैं। जब तक कुर्सी किसी और के पास रहती है, अधिकांश चेहरे संगठन के अनुशासन, धैर्य और प्रतीक्षा का चोला ओढ़े दिखाई देते हैं। लेकिन जैसे ही पद खाली होने की सरसराहट गलियारों में सुनाई देती है, वर्षों से शांत पड़े राजनीतिक कदमों में अचानक क्रांतिकारी कंपन आ जाता है।
भाजयुमो नगर अध्यक्ष पद को लेकर इन दिनों कुछ ऐसा ही दृश्य है। जिन चेहरों की सक्रियता अब तक बधाई संदेशों, जन्मदिन पोस्टरों और सोशल मीडिया की क्रांतिकारी टिप्पणियों तक सीमित थी, वे अब संगठन की आत्मा, विचारधारा की धुरी और युवाओं की अंतिम उम्मीद के रूप में स्वयं को प्रस्तुत करने में जुटे हैं।
पूर्व अध्यक्ष का कार्यकाल इतनी शालीन चुप्पी में बीता कि संगठन के कई कार्यकर्ताओं को शायद कैलेंडर देखकर याद करना पड़ा कि समय सचमुच आगे बढ़ चुका है। न कोई बड़ा आंदोलन यादों में दर्ज हुआ, न ऐसा कोई शोर जो सत्ता के गलियारों तक पहुंचा हो। लेकिन राजनीति में रिक्त स्थान कभी खाली नहीं रहते—उन्हें भरने के लिए इच्छाओं की भीड़ स्वतः उमड़ पड़ती है।
इन दिनों शहर के राजनीतिक गलियारों में विचारधारा कम और समीकरण अधिक टहल रहे हैं। कोई वरिष्ठ नेताओं के दरवाजों पर अपनी निष्ठा का बायोडाटा जमा कर रहा है, तो कोई संघ के निकट होने की फुसफुसाहटों को अपनी सबसे बड़ी योग्यता मान रहा है। कुछ ऐसे भी हैं जो वर्षों की निष्क्रियता को “संगठन के लिए मौन साधना” बताकर नई शुरुआत का दावा कर रहे हैं। विडंबना यह है कि जिन युवाओं के मुद्दों पर सड़कों को आवाज़ मिलनी चाहिए थी, वहां लंबे समय तक सन्नाटा पसरा रहा। अब वही सन्नाटा कुर्सी की आहट सुनते ही शोर में बदल गया है।
राजनीति का यह शाश्वत सत्य है—यहां पद सेवा का माध्यम कम और महत्वाकांक्षाओं का दर्पण अधिक बन जाता है। अब देखना यह है कि संगठन सचमुच किसी कार्यकर्ता को चुनता है या फिर एक और पोस्टर-प्रधान नेतृत्व शहर को सौंप दिया जाएगा।






