बारिश थमी, उमस बढी, फिलहाल खुले रहेंगे बांध के गेट

जबलपुर यश भारत। पिछले तीन दिनों से बारिश का क्रम थमने के बाद एक बार फिर उमस में बढ़ोतरी होने से लोग बेचैन नजर आने लगे हैं। इधर दूसरी तरफ आने वाले एक-दो दिन तो अभी तेज बारिश की संभावना कम ही नजर आ रही है। हालांकि स्थानीय मौसम कार्यालय ने पूर्व में जानकारी दी थी कि 29 तारीख के आसपास एक नया सिस्टम एक्टिव हो रहा है इसके बाद बारिश होने की संभावना है। इस बीच छुटपुट बारिश हो जाए तो बात अलग है। लेकिन इस भी जानकारी यह भी लगी है कि जो सिस्टम एक्टिव हुआ था वह तेलंगाना तरफ निकल गया है जिसके कारण यदि लोकल बादलों के सहारे बारिश हो जाए तो ठीक है वरना अभी तेज बारिश के लिए इंतजार करना पड़ सकता है।पिछले तीन दिनों के मौसम के मिजाज पर नजर डाली जाए तो 26 अगस्त को अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था जो सामान्य से 2 डिग्री अधिक रहा वहीं इसी दिन न्यूनतम तापमान 24.02 डिग्री रिकॉर्ड हुआ था जबकि कुल बारिश का आंकड़ा 968.7 मिलीमीटर पर रहा। 27 तारीख को अधिकतम तापमान 32.3 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ जो सामान्य से दो डिग्री अधिक रहा जबकि बारिश का आंकड़ा 26 तारीख की तरह ही स्थिर रहा। 28 अगस्त गुरुवार को सुबह न्यूनतम तापमान 24.4 डिग्री रिकार्ड किया गया है जबकि आद्रता 87प्रतिशत बनी थी और बारिश की आंकड़े में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई। यदि गत वर्ष की तुलना में बात की जाए तो बारिश का आंकड़ा फिलहाल आज की तारीख तक 100 मिली मीटर पीछे चल रहा है। अब देखना यह है कि अगस्त के अंतिम दिनों में औसत बारिश का आंकड़ा पूरा हो भी पता है या नहीं।
बरगी बांध का जल स्तर 422.90 मीटर
पिछले दिनों बरगी बांध के नौ गेट खोले जाने के बावजूद भी बांध का जल स्तर आज सुबह तक 422.95 मीटर बना हुआ था। जिसके कारण फिलहाल एक-दो दिन तो अभी बांध के गेट बंद होने के आसार नजर नहीं आ रहे। कार्यपालन यंत्री राजेश सिंह के अनुसार करीब 15 सेंटीमीटर जल स्तर कम होने के बाद ही गेट बंद करने के संबंध में कोई निर्णय लिया जाएगा।







