पुलिस अधिकारी ने युवक के पेट में मुक्का मारा, बचाने आई युवतियों से की अभद्रता
पुलिस अधिकारी ने युवक के पेट में मुक्का मारा, बचाने आई युवतियों से की अभद्रता
यशभारत भोपाल। राजधानी भोपाल में एक पुलिस अधिकारी द्वारा युवक व युवतियों के साथ मारपीट कर गाली गलोंच करने का वीडियो सामने आया है। दो वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। बताया जा रहा है कि विवाद बागसेवनिया इलाके में शुक्रवार शाम को हुआ। विवाद का कारण गाड़ी का टच होना है। युवक ने माफी भी मांग ली थी इसके बाद भी एएसआई ने वर्दी का रौब दिखाते हुए विवाद किया। वीडियो में नजर आ रहा है कि पुलिस की वर्दी पहने एक एएसआई स्तर का अधिकारी पहले एक युवक का हाथ पकड़ता है और उसके बाद पेट में मुक्का मार देता है। युवक को बचाने आई युवतियों के साथ भी पुलिस अधिकारी गाली गलोंच करता नजर आ रहा है। युवक के साथ मौजूद युवतियां वीडियो बनाने का कह रही हैं। गुस्से में नजर आ रहे एएसआई को साथ में मौजूद प्रधान आरक्षक भी दूर ले जाने का प्रयास कर रहा है। वहीं पुलिस अधिकारी युवक और युवतियों से अभद्रता करता रहा। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो पुलिस महकमे के अधिकारियों के पास पहुंची है। जिसके आधार पर जांच कराई जा रही है।







