भोपालमध्य प्रदेश

 युवक से मारपीट के विरोध में पुलिस कमिश्नर कार्यालय का घेराव, सड़कों पर उतरा मुस्लिम समाज

 युवक से मारपीट के विरोध में पुलिस कमिश्नर कार्यालय का घेराव, सड़कों पर उतरा मुस्लिम समाज

भोपाल,यश भारत। राजधानी में मंगलवार को सांप्रदायिक तनाव और आक्रोश की स्थिति निर्मित हो गई। एक युवक के साथ मारपीट और उस पर की गई अमर्यादित टिप्पणी से नाराज मुस्लिम समाज के हजारों लोगों ने दोपहर में पुलिस कमिश्नर कार्यालय का घेराव कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने न केवल पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की, बल्कि सड़कों पर उतरकर चक्का जाम भी कर दिया, जिससे शहर की यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई।

आरोपियों की नामजद गिरफ्तारी पर अड़ा समाज
मुस्लिम समाज का नेतृत्व कर रहे नेताओं और प्रदर्शनकारियों की मांग है कि युवक के साथ अभद्रता करने वाले हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं पर तत्काल नामजद एफआईआर दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि पुलिस इस मामले में ढुलमुल रवैया अपना रही है। भीड़ ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो आगामी जुमे को इकबाल मैदान में बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

शहर काजी ने दर्ज कराई शिकायत
मामले की गंभीरता को देखते हुए शहर काजी सैयद मुश्ताक अली नदवी ने स्वयं मोर्चा संभाला। उन्होंने पुलिस के आला अधिकारियों से मुलाकात कर लिखित शिकायत सौंपी। उन्होंने मांग की है कि न केवल आरोपियों, बल्कि इस पूरे घटनाक्रम में लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों पर भी सख्त विभागीय कार्रवाई की जाए।

पुलिस छावनी में तब्दील हुआ इलाका
बिगड़ते हालातों को देखते हुए प्रशासन ने शहर में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया है। मौके पर 7 से ज्यादा थाना प्रभारी और कई ACP स्तर के अधिकारी मोर्चा संभाले हुए हैं। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को शांत कराने की कोशिश करते हुए आश्वासन दिया है कि कानून अपना काम कर रहा है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

आम जनजीवन प्रभावित
दोपहर के समय हुए इस अचानक घेराव और चक्का जाम के कारण भोपाल की प्रमुख सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। प्रदर्शनकारियों ने कई जगह वाहनों को रोक दिया, जिससे राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन तनाव बरकरार है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button