स्टेशन के स्टालों से गायब हुआ ‘No Bill, No Payment’ का आदेश
रेलवे स्टेशन में चार दिन की चांदनी, फिर अंधेरी रात

जबलपुर यशभारत। जबलपुर रेलवे स्टेशन परिसर में यात्रियों को जागरूक करने और पारदर्शिता बढ़ाने के उद्देश्य से लगाए गए ‘No Bill, No Payment’ संबंधी आदेश और सूचना बोर्ड अब अधिकांश स्टालों से गायब होते नजर आ रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पहले तक स्टेशन के खानपान और अन्य व्यावसायिक स्टालों पर यह संदेश प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया था लेकिन अब कई स्थानों पर यह बोर्ड हट चुके हैं या दिखाई नहीं दे रहे हैं।रेल यात्रियों का कहना है कि बिल मांगने पर कई बार विक्रेता आनाकानी करते हैं। ऐसे में ‘नो बिल, नो पेमेंट’ जैसी व्यवस्था उपभोक्ताओं को उनका अधिकार बताने और अधिक कीमत वसूली पर रोक लगाने के लिए महत्वपूर्ण मानी जाती है। सूचना बोर्ड हटने से यात्रियों में यह संदेश जा रहा है कि नियमों के पालन को लेकर गंभीरता कम हो गई है।

कागज़ों तक सिमट कर रह गई व्यवस्था*
जानकारों का कहना है कि रेलवे प्रशासन ने कुछ समय पहले विशेष अभियान चलाकर स्टाल संचालकों को प्रत्येक बिक्री पर बिल देना अनिवार्य किया था। इसके लिए स्टालों पर स्पष्ट रूप से सूचना भी चस्पा कराई गई थी, लेकिन अब यह व्यवस्था केवल कागजों तक सीमित होती दिखाई दे रही है।
यात्रियों ने मांग की है कि रेलवे स्टेशन के सभी स्टालों पर पुनः ‘No Bill, No Payment’ के बोर्ड लगाए जाएं तथा नियमित निरीक्षण कर यह सुनिश्चित किया जाए कि प्रत्येक ग्राहक को बिल उपलब्ध कराया जाए। बता दें समय-समय पर रेलवे के संबंधित अधिकारियों द्वारा स्टेशन का निरीक्षण किया जाता है बावजूद उनके द्वारा इस संबंध में कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है जिससे नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही है।
चार दिन चला अभियान, फिर सब पुराने ढर्रे पर
रेलवे स्टेशन पर कुछ दिन पहले बड़े जोर-शोर से ‘No Bill, No Payment’ अभियान चलाया गया था। स्टालों पर बोर्ड लगाए गए, यात्रियों को जागरूक किया गया और बिल देने के निर्देश भी जारी हुए। लेकिन अब हालात यह हैं कि अधिकांश स्टालों से यह सूचना ही गायब हो गई है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या अभियान केवल औपचारिकता बनकर रह गया? यात्रियों का कहना है कि यदि नियमों का पालन कराना है तो सूचना बोर्ड स्थायी रूप से लगाए जाएं और नियमित जांच भी की जाए। इससे बिल देने की व्यवस्था मजबूत होगी और मनमानी वसूली पर अंकुश लगेगा।
यह हैं यात्रियों के अधिकार
प्रत्येक खरीदारी पर बिल प्राप्त करना ग्राहक का अधिकार।
-बिल नहीं मिलने पर अधिक कीमत वसूली की शिकायत की जा सकती है।
-रेलवे के अधिकृत स्टालों पर निर्धारित दर सूची और बिलिंग व्यवस्था अनिवार्य है।







