अज्ञात वाहन की टक्कर से हुई थी माईनिंग अधिकारी की मौत -पुलिस ने कार और मोबाइल भी किया बरामद

अज्ञात वाहन की टक्कर से हुई थी माईनिंग अधिकारी की मौत
-पुलिस ने कार और मोबाइल भी किया बरामद
भोपाल, यशभारत।
बागसेवनिया इलाके में सोमवार रात घायल अवस्था में मिले माईनिंग अधिकारी को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मारी थी। जिससे उसकी अस्पताल में मौत हो गई थी। हादसे के वक्त वह शराब के नशे में अपनी कार रास्ते में छोड़ कर पैदल घर जा रहे थे। तभी हादसा हुआ था। पुलिस को मिली शार्ट पीएम रिपोर्ट में इस बात का खुलासा हुआ है कि उनकी मौत सडक़ हादसे में किसी वाहन की टक्कर लगने से हुई है।
एएसआई मनोज शर्मा के मुताबिक मिसरोद निवासी संजय सोलंकी माईनिंग अधिकारी थे। सोमवार-मंगलवार की रात वह खून से लथपथ हालत में पड़े हुए मिले थे। इसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां पर उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई थी। वहीं कार और मोबाइल फोन भी गायब थे। बाद में उनकी कार और मोबाइल भी मिल गया था। पुलिस ने जब उस रूट पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले तो पता चला कि वह उस समय शराब के नशे में थे, और पैदल ही अपने घर के लिए चल दिए थे। रास्ते में उनका मोबाइल गिर गया था, जिसे घरों में साफ-सफाई का काम करने वाली एक महिला ने उठा लिया था। बाद में महिला ने पुलिस को मोबाइल सौंप दिया। देर शाम को मृतक की शार्ट पीएम रिपोर्ट मिल गई है, जिसमें पता चला कि उनकी मौत किसी अज्ञात वाहन की टक्कर लगने से आई चोटों के कारण हुई है। इसलिए अब पुलिस टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश कर रही है।







