भोपालमध्य प्रदेश

नौकरानी के बेटे ने चाकू अड़ाकर माइनिंग कर्मचारी को बंधक बनाया, सवा तीन लाख की लूट

नौकरानी के बेटे ने चाकू अड़ाकर माइनिंग कर्मचारी को बंधक बनाया, सवा तीन लाख की लूट

भोपाल,यशभारत। राजधानी के टीटी नगर इलाके में माइनिंग विभाग की 28 वर्षीय महिला कर्मचारी को उसके ही घर में घुसकर नौकरानी के बेटे ने अपने नाबालिग साथी के साथ मिलकर बंधक बना लिया। आरोपियों ने चाकू की नोक पर जान से मारने की धमकी देकर करीब 1.68 लाख रुपये नकद और आईफोन सहित सवा तीन लाख का माल लूट लिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी और उसके नाबालिग साथी को गिरफ्तार कर माल बरामद कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, पीड़िता अर्चना वर्मा (28) टीटी नगर के 98 क्वार्टर में रहती हैं और माइनिंग विभाग में असिस्टेंट ग्रेड-3 के पद पर कार्यरत हैं। अर्चना ने घर के कामों के लिए जिस महिला को काम पर रखा है, उसका बेटा आशीष उर्फ गोली रायकवार शनिवार शाम अपने 15 वर्षीय मौसेरे भाई के साथ वहां पहुंचा। चूंकि आशीष पहले भी घर के छोटे-मोटे काम करता था, इसलिए अर्चना ने बिना किसी संदेह के दरवाजा खोल दिया। दरवाजा खुलते ही दोनों आरोपियों ने अर्चना को धक्का दिया और चाकू की नोक पर उसे एक कमरे में बंधक बना लिया। महज 15 मिनट के भीतर आरोपियों ने अलमारी में रखे कैश और मोबाइल फोन समेटा और फरार हो गए।

कर्ज चुकाने और बाइक खरीदने के लिए रची साजिश
पकड़े गए आरोपी आशीष ने पुलिस पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने बताया कि उस पर समूह का काफी कर्ज था और रिकवरी एजेंट उसे लगातार फोन कर रहे थे। कर्ज चुकाने और नई बाइक खरीदने के शौक को पूरा करने के लिए उसने इस लूट की साजिश रची। उसे पता था कि अर्चना के पिता सिक्योरिटी गार्ड हैं और उनके ड्यूटी पर जाने के बाद वह घर में अकेली रहती हैं।
टीटी नगर टीआई गौरव सिंह ने बताया कि मुख्य आरोपी आशीष उर्फ गोली शातिर अपराधी है। वह हाल ही में मर्डर अटैम्प्ट (हत्या के प्रयास) के मामले में जेल से छूटकर बाहर आया था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी की और रविवार तड़के दोनों को दबोच लिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button