
जबलपुर,यशभारत। गढ़ा का प्राचीन दशहरा चल समारोह अपनी आन बान शान के साथ रामलीला समिति गढ़ा के नेतृत्व में संकट मोचन मंदिर गौतम गंज से रात्रि 7 बजे मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम लक्ष्मण एवं हनुमान के पूजन के साथ प्रारंभ हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि लोकनिर्माण मंत्री म.प्र.शासन राकेश सिंह,महापौर जगतबहादुर सिंह अन्नु,संचालक रामलीला समिति अशोक मनोध्याय, अध्यक्ष राकेश पाठक,महामंत्री लोकराम कोरी,निर्देशक राजेश मिश्रा, मनोज पाटकर,गणेश चौकसे,अजय तिवारी “धतुरहा”,संकटमोचन मंदिर समिति ने भगवान का पूजन अर्चन किया। ऐतिहासिक दशहरा चल समारोह में इस वर्ष अधिकाधिक 25 प्रतिमाएं सम्मिलित हुई जो जन आकर्षण का केंद्र बनी। पूजन एवं अतिथियों के स्वागत के साथ चल समारोह प्रारंभ हुआ।

इस समारोह में रामलीला समिति की ओर से सबसे आगे 2 ऊँट विशेष आकर्षण का केन्द्र रहे।साथ ही हाथी, रथ पर सवार महादेव, श्री राम रावण युद्ध करते हुए, वीरांगना रानी दुर्गावती की झाँकी ,भगवान नरसिंह अवतार की झाँकी ,गौ सेवा की झाँकी, शंकरजी गण सहित की झाँकी, रावण मेघनाथ एवं कुंभकरण के पुतले आकर्षण का केंद्र रहे। रामलीला समिति के नेतृत्व में जय श्रीराम के उद्घोष के साथ समस्त झांकियां एवं देवी प्रतिमाएं मेजर बीटी तिराहे से साथ में हो गई। शोभायात्रा में ढोल बैंड नृत्य करती दुलदुल घोड़ी ,आतिशबाजी एवं आधुनिक विद्युत सज्जा का प्रयोग किया गया। दर्शकों की अपार भीड़ के साथ चल समारोह का स्वागत रानी दुर्गावती दुर्गोत्सव समिति, माली मोहल्ला समिति, एडवोकेट अर्जुन साहू, गढ़ा बाजार व्यापारी संघ राजेश जैन,आनंदकुंज नीलांबरी दुर्गाउत्सव समीति सहित अनेक समितियों द्वारा किया गया।

इसके उपरांत गढा़ रामलीला मैदान पर परंपरागत रूप से भगवान श्री राम द्वारा रावण, कुंभकरण एवं मेघनाथ के पुतले का दहन किया गया इसके साथ ही बुराई पर अच्छाई का प्रतीक गढा़ गोंडवाना दशहरा चल समारोह लोगों के जीवन में सुख समृद्धि की कामना एवं अगले वर्ष पुनः मिलेंगे के उदघोष के साथ समाप्त हुआ।







