तेज रफ्तार का कहर: बाइक उड़ी हवा में, एक युवक गहरे गड्ढे में गिरा दिल दहला देने वाला हादसा CCTV में कैद
जबलपुर , यश भारत

जबलपुर , यश भारत जबलपुर के गोकलपुर इलाके में एक रूह कंपा देने वाला हादसा सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ है, जिसे देखकर किसी के भी होश उड़ सकते हैं। दरअसल, अमृत 2.0 मिशन के तहत पाइपलाइन बिछाने के लिए सड़क के बीचों-बीच खुदाई की गई थी। इसी दौरान दो युवक तेज रफ्तार बाइक पर सवार होकर आए। स्पीड इतनी ज्यादा थी कि उन्हें सामने की घेराबंदी और गड्ढा दिखाई ही नहीं दिया। देखते ही देखते बाइक डिवाइडर से टकराई और जोरदार टक्कर के बाद दोनों युवक हवा में उछल गए। एक युवक सीधे गहरे गड्ढे में जा गिरा, जबकि दूसरा सड़क किनारे जा फेंका गया।
हादसे की सूचना मिलते ही रांझी पुलिस की मोबाइल टीम मौके पर पहुंची और तुरंत दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। राहत की बात यह रही कि इतनी भयानक टक्कर के बावजूद दोनों युवकों की जान बच गई और उन्हें केवल मामूली चोटें आईं। रांझी थाना प्रभारी उमेश गोलानी ने इस घटना पर चिंता जताते हुए लोगों से अपील की है कि खासकर रात के समय सड़कों पर चल रहे निर्माण कार्यों को ध्यान में रखते हुए वाहन की रफ्तार नियंत्रित रखें। उन्होंने चेतावनी दी कि एक छोटी सी लापरवाही भी पलभर में जानलेवा हादसे का कारण बन सकती है।







