पुलिस का विशेष अभियान : 5 महीनों में 208 गुम मोबाइल बरामद, 41.60 लाख के फोन लौटाए

दमोह। दमोह पुलिस द्वारा वर्ष 2026 में चलाए गए विशेष “गुम मोबाइल खोज अभियान” के तहत बड़ी सफलता हासिल की गई है। पुलिस ने अब तक 208 गुम मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को वापस सौंपे हैं। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत 41 लाख 60 हजार रुपये बताई गई है। अपने गुम मोबाइल वापस मिलने पर आवेदकों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
यह अभियान पुलिस अधीक्षक दमोह के मार्गदर्शन में साइबर सेल एवं जिले के समस्त थाना स्टाफ द्वारा संचालित किया गया। गुम मोबाइल की शिकायतों पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए टीमों ने मध्यप्रदेश सहित विभिन्न राज्यों से मोबाइल ट्रेस कर बरामद किए।
पुलिस के अनुसार, यह सफलता मुख्य रूप से सी.ई.आई.आर. (Central Equipment Identity Register) पोर्टल के माध्यम से संभव हो सकी। वर्ष 2025 में भी दमोह पुलिस द्वारा 540 गुम मोबाइल ट्रैक कर आवेदकों को लौटाए गए थे, जिनकी अनुमानित कीमत 1 करोड़ 8 लाख रुपये रही।
CEIR पोर्टल के उपयोग पर जोर
पुलिस अधीक्षक द्वारा साइबर सेल एवं थाना स्तर के अधिकारियों-कर्मचारियों को CEIR पोर्टल का अधिकतम उपयोग करने के निर्देश दिए गए थे, ताकि गुम मोबाइल की खोज में तेजी लाई जा सके। साथ ही आम नागरिकों को पोर्टल के प्रति जागरूक करने के लिए लगातार अभियान भी चलाए जा रहे हैं।
CEIR एक केंद्रीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जिसके माध्यम से कोई भी नागरिक घर बैठे अपने गुम मोबाइल की शिकायत दर्ज करा सकता है। इसके अलावा नजदीकी थाने में आवेदन देकर भी शिकायत पोर्टल पर पंजीकृत कराई जा सकती है। शिकायत दर्ज होने के बाद साइबर सेल एवं थाना पुलिस मोबाइल की लोकेशन ट्रेस कर उसकी बरामदगी सुनिश्चित करती है।







