स्कूल चलें हम प्रवेशोत्सव का भव्य शुभारंभ, मुख्यमंत्री ने बांटी निःशुल्क साइकिलें, बच्चों में दिखा उत्साह

स्कूल चलें हम प्रवेशोत्सव का भव्य शुभारंभ, मुख्यमंत्री ने बांटी निःशुल्क साइकिलें, बच्चों में दिखा उत्साह
भोपाल यश भारत। मध्यप्रदेश में शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित राज्य स्तरीय स्कूल चलें हम प्रवेशोत्सव 2026 का आज राजधानी भोपाल में भव्य शुभारंभ हुआ। टी.टी. नगर स्थित शासकीय मॉडल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम की शुरुआत मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दीप प्रज्ज्वलित कर की। इस अवसर पर स्कूली बच्चों को निःशुल्क साइकिलों का वितरण किया गया, जिससे बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है और यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। उन्होंने स्कूल चलें हम अभियान को जन-आंदोलन बनाने की अपील करते हुए अभिभावकों से बच्चों को नियमित रूप से स्कूल भेजने का आह्वान किया। इस अवसर पर स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह, खेल मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, विश्वास सारंग, भाजपा जिला अध्यक्ष रविंद्र यति, भोपाल महापौर मालती राय तथा दक्षिण पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक भगवान दास साहनी विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में छात्र छात्राएं और उनके अभिभावक शामिल हुए। मंच से शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए जनप्रतिनिधियों ने कहा कि सशक्त समाज और समृद्ध राष्ट्र के निर्माण में शिक्षा की महत्वपूर्ण भूमिका है। निःशुल्क साइकिल वितरण से खासतौर पर दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले छात्रों को स्कूल पहुंचने में सुविधा होगी और उनकी पढ़ाई में निरंतरता बनी रहेगी। इस आयोजन के माध्यम से सरकार ने स्पष्ट संदेश दिया कि प्रदेश में शिक्षा के स्तर को ऊंचा उठाने और हर बच्चे तक शिक्षा की पहुंच सुनिश्चित करने के लिए ठोस प्रयास किए जा रहे हैं। स्कूल चलें हम प्रवेशोत्सव के जरिए नए सत्र में अधिक से अधिक बच्चों का नामांकन सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया है। कार्यक्रम के अंत में बच्चों के चेहरे पर खुशी और उत्साह साफ झलक रहा था वहीं अभिभावकों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए इसे शिक्षा के क्षेत्र में एक सकारात्मक कदम बताया।







