पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों पर सरकार को घेरा किसानों, युवाओं और गौ संरक्षण के मुद्दे पर भगवा पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का हमला
The government was cornered over rising petrol and diesel prices. The saffron party's national president attacked farmers, youth, and cow protection.

पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों पर सरकार को घेरा
किसानों, युवाओं और गौ संरक्षण के मुद्दे पर भगवा पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का हमला
भोपाल यश भारत। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में पत्रकारों से चर्चा करते हुए भगवा पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवाकांत शुक्ला ने विभिन्न समसामयिक मुद्दों पर अपनी पार्टी का पक्ष रखते हुए केंद्र और राज्य सरकारों की नीतियों पर सवाल उठाए। शुक्ला ने पेट्रोल डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों को लेकर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि ईंधन के दामों में हो रही वृद्धि आम जनता और किसानों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल रही है। उनका आरोप था कि सरकार ने दूरदर्शिता का परिचय नहीं दिया और पेट्रोल डीजल के पर्याप्त भंडारण की दिशा में समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए। गौ संरक्षण के मुद्दे पर भी शुक्ला ने सरकार को घेरते हुए गौ माता को राष्ट्र माता का दर्जा देने की मांग दोहराई। उन्होंने कहा कि देश में गौवंश के संरक्षण और संवर्धन के लिए ठोस नीतियां बनाई जानी चाहिए तथा गौशालाओं को पर्याप्त संसाधन उपलब्ध कराए जाने चाहिए। किसानों की समस्याओं का उल्लेख करते हुए शुक्ला ने कहा कि अपनी उपज के उचित मूल्य और अन्य मांगों को लेकर किसानों को बार बार धरना प्रदर्शन और ज्ञापन देने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि कृषि प्रधान देश में अन्नदाताओं को अपनी मांगों के लिए सड़कों पर उतरना पड़ रहा है जो सरकार की नीतियों की विफलता को दर्शाता है। युवाओं के मुद्दे पर भी उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि रोजगार और कौशल विकास के क्षेत्र में अपेक्षित प्रगति नहीं हो रही है। उन्होंने युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करने और भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की। शुक्ला ने कहा कि जनता से जुड़े इन मुद्दों पर सरकार को गंभीरता से ध्यान देना चाहिए।







