भोपालमध्य प्रदेश

मप्र में शासन व्यवस्था ध्वस्त, केंद्र सरकार तुरंत करे हस्तक्षेप: जीतू पटवारी

मप्र में शासन व्यवस्था ध्वस्त, केंद्र सरकार तुरंत करे हस्तक्षेप: जीतू पटवारी

भोपाल, यशभारत। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए राज्य में शासन व्यवस्था के पूरी तरह विफल होने का आरोप लगाया है। पटवारी ने कहा कि प्रदेश में लगातार हो रहे बड़े हादसे, सामूहिक मौतें, किसानों की बदहाली और बढ़ता अपराध इस बात का प्रमाण है कि प्रशासनिक नियंत्रण खत्म हो चुका है। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की है कि वह तत्काल हस्तक्षेप कर स्थिति को संभाले।

पटवारी ने कहा कि वे इस गंभीर स्थिति को लेकर महामहिम राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री को पत्र लिख रहे हैं। उन्होंने प्रदेश सरकार पर संवेदनहीनता का आरोप लगाते हुए कहा कि जब बरगी डैम से शव निकाले जा रहे थे, तब मुख्यमंत्री उत्सवों में व्यस्त थे।

हादसों और लापरवाही पर उठाए सवाल
पटवारी ने हालिया घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश में जहरीले पानी और दवाइयों की लापरवाही के कारण बच्चों की जान जा रही है। उन्होंने एनजीटी की आपत्तियों के बावजूद क्रूज संचालन और उससे हुए हादसे को सरकारी अनदेखी का परिणाम बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि आदिवासी अंचलों में परिवहन व्यवस्था न होने के कारण लगातार सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिनमें मासूमों की जान जा रही है।

किसानों के समर्थन में चक्का जाम का ऐलान
किसानों के मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए पटवारी ने कहा कि ओलावृष्टि और बारिश से बर्बाद हुई फसलों का उचित मुआवजा नहीं मिल रहा है। किसानों को मजबूरन कम दामों पर गेहूं बेचना पड़ रहा है। उन्होंने मांग की कि गेहूं और धान की भावांतर राशि तत्काल दी जाए। किसानों के हक में कांग्रेस आगामी 7 तारीख को बड़वानी से मुरैना तक नेशनल हाईवे जाम करेगी।

अतिक्रमण और नियुक्तियों पर घेरा
भोपाल में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को पटवारी ने भाजपा का षड्यंत्र बताया। उन्होंने कहा कि 70 वर्षों से बसे गरीबों को उजाड़कर किसी संस्था का परिसर बढ़ाना अन्याय है। वहीं, निगम-मंडलों में नियुक्तियों को उन्होंने ‘बंदरबांट’ करार दिया और कहा कि सरकार कर्ज लेकर अपने नेताओं को उपकृत कर रही है। पटवारी ने दावा किया कि आज प्रदेश की 90 प्रतिशत जनता भाजपा सरकार के खिलाफ है और सरकार की उलटी गिनती शुरू हो चुकी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button