युवक की मौत के बाद टूटी बिजली विभाग की नींद, माढोताल थाना क्षेत्र में टूटे तार की चपेट में आने से हो गई थी जान

जबलपुर यश भारत।माढोताल थाना अंतर्गत लमती स्थित रिक्शा फॉर्म में पिछले दिनों करंट लगने से एक युवक की मौत हो गई थी। जिसके बाद मृतक के परिजनों और गांव वालों ने माढोताल थाना के सामने करीब 4 घंटे तक विद्युत विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर प्रदर्शन किया था। जानकारी के मुताबिक यह हादसा उसे समय हुआ जब फार्म में काम करने वाला एक युवक टूटी हुई बिजली लाइन की चपेट में आ गया और करंट लगने से उसकी मौत हो गई। प्रदर्शनकारियों का का कहना था कि टूटे हुए बिजली के तार के संबंध में 24 घंटे में पांच शिकायत की गई लेकिन एक भी बिजली कर्मी झांकने तक नहीं आया और इन्हीं की लापरवाही के कारण युवक की मौत हुई। यदि समय रहते विद्युत कर्मी मौके पर पहुंच कर या तो लाइन बंद कर देते या सुधार कर देते तो हादसे को रोका जा सकता था। लेकिन ऐसा नहीं हुआ। बवाल मचने के बाद विद्युत विभाग ने अब इस मामले में एक लाइनमैन को सस्पेंड कर दिया है तथा तीन को नोटिस जारी किए गए हैं। इसके अलावा एक तीन सदस्यीय कमेटी भी बनाई गई है जो जो पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर 7 दिन में अपनी रिपोर्ट सौंपेगी। सस्पेंड किए गए लाइनमैन का नाम कल्याण सिंह झरिया बताया जा रहा है जबकि जिन्हें नोटिस जारी किए गए हैं उनमें हीरालाल कोल दुर्गेश कुशवाहा और महेंद्र कुशवाहा बताये गये हैं। इसके अलावा मृतक के परिजनों को विद्युत वितरण कंपनी के द्वारा ₹10000 की सहायता राशि भी दी गई है।







