रेलवे ट्रैक पर पीडीएस से लदे ट्रक का एक्सल टूटा, टल गया बड़ा हादसा
गेट मैन ने स्टेशन मास्टर को सूचना देकर ट्रेन को रुकवाया

उमरिया, यशभारत। मध्य प्रदेश के उमरिया जिले में कटनी-बिलासपुर रेलवे लाइन पर बड़ा रेलवे हादसा टल गया। यहां सिंगल टोला रेल्वे क्रॉसिंग पर ट्रक का एक्सल टूट गया। इससे ट्रक का अगला पहिया अलग हो गया। एक्सल टूटते ही ट्रक ट्रैक पर ही फंस गया। इस दौरान ट्रेन आने की सूचना गेट मैन के पास आ गई। गेट मैन ने तत्काल स्टेशन मास्टर को सूचना देकर ट्रेन को रुकवाया। इस कारण से रेलवे यातायात के साथ ही सड़क ट्रैफिक भी प्रभावित हुआ। लोगों की सतर्कता के चलते किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। दरअसल,पीडीएस का गेहूं गोदाम से लोड कर ट्रक उमरिया की तरफ आ रहा था। इस दौरान वह सिंगलटोला रेल्वे क्रासिंग पर पहुंचा। ट्रक का अगला चका निकलने से बैठ गया।
रेलवे अधिकारियों ने संभाला मोर्चा
घटना की जानकारी मिलते ही आनन फानन मे रेलवे के अधिकारी, जीआरपी, आरपीएफ सभी मौके पर पहुंचे। उन्होंने तत्काल ट्रक को रेलवे ट्रैक से हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी। क्रेन की मदद से ट्रक को ट्रैक से हटाया गया। इस बीच रेलवे ट्रैक घंटों तक जाम रहा। साथ ही क्रॉसिंग के फाटक के दोनों और गाडिय़ों की लंबी कतार लग गई। वहीं, कई ट्रेनें भी रुकी रही। ट्रक फंसने की वजह से कई ट्रेनों को अलग-अलग स्टेशनों पर रोकना पड़ा। साथ ही यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए समय रहते रेलवे सिग्नल को रेड कर दिया गया। इससे कोई हादसा नहीं हुआ लेकिन ट्रेन डिटेन हो गई। रेलवे नियमों में ट्रेन डिटेन होना बड़ी चूक माना जाता है। ऐसे में यह ट्रक फंसने की घटना रेलवे सुरक्षा व्यवस्था गंभीर लापरवाही के रूप में देखी जा रही है।
यात्रियों ने जताई नाराजगी
ट्रैक पर ट्रक फंसने की घटना से रेल यात्रियों को भारी असुविधा झेलनी पड़ी। घटना के चलते जिन ट्रेनों को बीच रास्ते में रोका गया, उनमें सफर कर रहे यात्री घंटों तक परेशान रहे। यात्रियों ने स्टेशन पर उतरकर अधिकारियों से नाराजगी जताई और रेलवे प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया।







