राम मंदिर पर आतंकी साजिश का पर्दाफाश,सहारनपुर का युवक सुहैल कर्नाटक से गिरफ्तार, पाकिस्तानी कनेक्शन का शक
सामान्य मजदूर की तरह रह रहा था आरोपित

सहारनपुर : अयोध्या स्थित राम मंदिर को निशाना बनाकर बड़े आतंकी हमले की कथित साजिश का खुलासा होने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए), उत्तर प्रदेश एटीएस और कर्नाटक पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में सहारनपुर के गंगोह क्षेत्र के एक युवक को कर्नाटक के दावणगेरे जिले से गिरफ्तार किया गया है।
आरोपी के मोबाइल फोन से पाकिस्तान के नंबरों से संपर्क, संदिग्ध व्हाट्सएप ग्रुप और हथियारों के साथ खिंचवाई गई तस्वीरें मिलने के बाद जांच का दायरा और बढ़ा दिया गया है। गिरफ्तार युवक की पहचान गंगोह थाना क्षेत्र के लखनौती गांव निवासी 20 वर्षीय सुहैल के रूप में हुई है। वह पिछले कुछ समय से कर्नाटक के हरिहर औद्योगिक क्षेत्र में एक फैक्ट्री में पेंटर का काम कर रहा था।
सामान्य मजदूर की तरह रह रहा था आरोपित
जांच एजेंसियों का कहना है कि वह सामान्य मजदूर की तरह रहकर अपनी गतिविधियों को छिपाने की कोशिश कर रहा था। जाँच एजेंसियो द्वारा पूछताछ के दौरान सामने आया कि राम मंदिर को निशाना बनाने की योजना पर काम किया जा रहा था। एजेंसियों को शक है कि इस साजिश के पीछे संगठित नेटवर्क सक्रिय था, जिसके तार देश के बाहर बैठे लोगों से जुड़े हो सकते हैं। प्रारंभिक जांच में यह भी पता चला है कि आरोपी कई ऐसे सोशल मीडिया समूहों से जुड़ा था, जिनकी गतिविधियां संदिग्ध मानी जा रही हैं।
मोबाइल फोन की फोरेंसिक जांच में पाकिस्तान का एक नंबर भी मिला है, जिसे कथित तौर पर राणा बॉय नाम से सेव किया गया था। जांच एजेंसियों के अनुसार इन नंबरों पर व्हाट्सएप कॉल के जरिए बातचीत के संकेत मिले हैं। इसके अलावा मोबाइल गैलरी से हथियारों के साथ ली गई कुछ तस्वीरें भी बरामद हुई हैं, जिन्हें जांच का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार सुहैल ने पूछताछ में दावा किया है कि वह अकेला नहीं था और उसके साथ कई अन्य लोग भी संपर्क में थे। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल हैं तथा उन्हें किस प्रकार के निर्देश दिए जा रहे थे। सुरक्षा एजेंसियों को स्लीपर सेल की भूमिका की भी आशंका है।
सहारनपुर पुलिस को बुधवार शाम कर्नाटक से गिरफ्तारी की सूचना भेजी गई। एसपी ग्रामीण मयंक पाठक ने बताया कि मामले से संबंधित ई-मेल प्राप्त हुई है और विस्तृत जानकारी मिलने के बाद स्थानीय स्तर पर जांच की जाएगी। वहीं सहारनपुर रेंज के डीआईजी अभिषेक सिंह ने कहा कि यदि किसी केंद्रीय या राज्य एजेंसी की ओर से सहयोग मांगा जाता है तो स्थानीय पुलिस हर आवश्यक कार्रवाई करेगी।
एडीजी मेरठ जोन भानु भास्कर ने बताया की कर्नाटक पुलिस ने संदिग्ध आतंकी की गिरफ्तारी की जानकारी साझा की है। इसके बाद यूपी एटीएस और एसटीएफ ने भी स्थानीय स्तर पर जांच शुरू कर दी है। युवक के गांव, उसके परिचितों और संपर्क में रहने वाले लोगों से पूछताछ की जा रही है।







