
बाराबंकी में प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री की तस्वीरों पर टेप लगे होर्डिंग्स से सियासी हलचल, कांग्रेस नेता के पुत्र से पूछताछ
हैदरगढ़ क्षेत्र में बारा टोल प्लाजा से नवोदय विद्यालय तक हाईवे किनारे लगे कई होर्डिंग्स सोमवार को चर्चा का विषय बन गए। इन होर्डिंग्स में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तस्वीरों पर मुंह पर टेप लगा दिखाया गया है।
होर्डिंग्स पर अलग-अलग मुद्दों को लेकर केंद्र और प्रदेश सरकार से सवाल लिखे गए हैं। इनमें अयोध्या के राम जन्मभूमि मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी, महंगाई, बेरोजगारी और पेपर लीक जैसे मुद्दे शामिल हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, ये होर्डिंग कांग्रेस के पूर्व सांसद के पुत्र जयंत गौतम की ओर से लगवाए गए हैं। होर्डिंग्स के नीचे उनकी तस्वीर भी लगी है।
हाईवे से गुजरने वाले लोग इन होर्डिंग्स को देखकर रफ्तार धीमी कर संदेश पढ़ रहे हैं। राजनीतिक संदेशों से सजे इन होर्डिंग्स को कोई विपक्ष की मुखर राजनीति बता रहा है, तो कोई जनता का ध्यान खींचने की कोशिश मान रहा है। सोशल मीडिया पर भी इनकी तस्वीरें तेजी से साझा की जा रही हैं।
भाजपा कार्यकर्ताओं की शिकायत पर प्रशासन हरकत में आया। भाजपा ने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की तस्वीरों पर मुंह पर टेप दर्शाए जाने पर कड़ी आपत्ति जताई थी।
पुलिस ने इस मामले में जयंत गौतम को हिरासत में लेकर हैदरगढ़ कोतवाली में पूछताछ की। क्षेत्राधिकारी संगम कुमार के अनुसार, पूछताछ में यह पता लगाने का प्रयास किया गया कि होर्डिंग लगाने से पहले राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, एनएचएआई से अनुमति ली गई थी या नहीं, और इन होर्डिंग्स को लगाने का उद्देश्य क्या था।
देर रात बाराबंकी के सांसद तनुज पुनिया और कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहसिन के कोतवाली पहुंचने के बाद जयंत गौतम को छोड़ दिया गया।
हैदरगढ़ के एसडीएम राजेश विश्वकर्मा ने बताया कि यह गलत है और इस संबंध में एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने भी पूरे प्रकरण पर रिपोर्ट मांगी है। भाजपा की ओर से इस संबंध में अभी कोई औपचारिक बयान नहीं आया है।







