
मथुरा,यशभारत। उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में मंगलवार तड़के यमुना एक्सप्रेसवे पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। थाना राया क्षेत्र में माइलस्टोन 112 और 113 के बीच गोला बस सर्विस की डबल डेकर वोल्वो बस पीछे से एक ट्रेलर में जा घुसी। हादसा इतना भीषण था कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस दुर्घटना में अब तक चार लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 20 से 25 यात्री घायल बताए जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, हादसे के समय बस (नंबर BR 28P 4723) में करीब 65 यात्री सवार थे। टक्कर के बाद बस में अफरा-तफरी मच गई और कई यात्री उसमें फंस गए। सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और फायर सर्विस की टीमें मौके पर पहुंचीं और संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। रेस्क्यू टीम ने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालकर एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल मथुरा पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। घायलों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं, बस में सवार करीब 35 सुरक्षित यात्रियों को दूसरे वाहनों से उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हादसे में जान गंवाने वाले चारों मृतकों की पहचान कराने की प्रक्रिया जारी है। उनके परिजनों को सूचना देने के प्रयास किए जा रहे हैं। दुर्घटना के बाद कुछ समय के लिए घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल रहा, लेकिन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए यातायात को सामान्य कर दिया। फिलहाल यमुना एक्सप्रेसवे पर आवागमन सुचारु रूप से जारी है।
प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार या चालक की लापरवाही मानी जा रही है। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता विस्तृत जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।






