बैरसिया में तस्करों के मंसूबे पस्त, 32 लाख के मशरूके के साथ देशी शराब की बड़ी खेप बरामद

बैरसिया में तस्करों के मंसूबे पस्त, 32 लाख के मशरूके के साथ देशी शराब की बड़ी खेप बरामद
भोपाल, यशभारत। राजधानी के ग्रामीण इलाकों में अवैध शराब की तस्करी और अवैध सप्लाई नेटवर्क के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बैरसिया पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। मुखबिर की सटीक सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने भोपाल-बैरसिया मार्ग पर नाकाबंदी कर 3,600 लीटर अवैध देशी शराब से लदे एक 407 लोडिंग वाहन को जब्त किया है। पकड़ी गई शराब और वाहन की कुल कीमत लगभग 32 लाख रुपये आंकी गई है।
तरावली की ओर जा रही थी खेप, घेराबंदी कर पकड़ा
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि भोपाल शहर से एक लोडिंग वाहन में भारी मात्रा में अवैध देशी शराब भरकर तरावली की ओर भेजी जा रही है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए बैरसिया पुलिस ने तत्काल भोपाल-बैरसिया मार्ग पर तरावली जोड़ मंदिर के पास चेकिंग प्वाइंट लगाया। थोड़ी ही देर में संदिग्ध अवस्था में आ रहे 407 लोडिंग वाहन को रोककर जब उसकी तलाशी ली गई, तो पुलिस कर्मी भी हैरान रह गए। वाहन के भीतर देशी मदिरा मसाला और देशी मदिरा प्लेन की 400 पेटियां कुल 3,600 लीटर रखी हुई थीं।
दस्तावेज़ मांगने पर बगलें झांकने लगा चालक
वाहन चला रहे आरोपी आरिफ खां निवासी सीआई कॉलोनी, जहांगीराबाद, भोपाल से जब शराब के परिवहन से जुड़े वैध लाइसेंस व दस्तावेज मांगे गए, तो वह कोई भी कागजात पेश नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने 17 लाख रुपये मूल्य की 1,800 लीटर मसाला व 1,800 लीटर प्लेन शराब समेत करीब 15 लाख रुपये कीमत के लोडिंग वाहन को अपने कब्जे में ले लिया।
वाहन मालिकों पर कस सकता है शिकंजा, जांच तेज
बैरसिया पुलिस ने आरोपी चालक आरिफ खां को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने वाहन मालिक जावेद खां और विनय पिपलानी के नामों का खुलासा किया है। पुलिस अब इन दोनों की भूमिका की गहनता से पड़ताल कर रही है। विवेचना के दौरान पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि शराब की यह बड़ी खेप कहां से लोड की गई थी और इसे आगे किस ठिकाने पर खपाया जाना था।







