10 नंबर मार्केट में अतिक्रमण हटाने के दौरान दुकानदार ने खुद को लगाई आग, हालत गंभीर

10 नंबर मार्केट में अतिक्रमण हटाने के दौरान दुकानदार ने खुद को लगाई आग, हालत गंभीर
व्यापारियों ने लगाया पक्षपात का आरोप, बाजार में भारी तनाव
भोपाल, यशभारत। राजधानी के पॉश इलाके 10 नंबर मार्केट में शनिवार को नगर निगम की अतिक्रमण विरोधी मुहिम के दौरान उस वक्त चीख-पुकार मच गई, जब एक दुकानदार ने कार्रवाई के विरोध में खुद पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा ली। झुलसी हुई अवस्था में व्यापारी को तुरंत निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। इस आत्मघाती कदम के बाद पूरे बाजार में तनाव फैल गया और व्यापारियों ने निगम प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
शनिवार दोपहर नगर निगम की अतिक्रमण अधिकारी सृष्टि भदौरिया की टीम दलबल के साथ 10 नंबर मार्केट पहुंची थी। टीम ने चिन्हित दुकानों के बाहर बने अवैध निर्माण और शेड को तोड़ना शुरू किया। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, जब टीम एक विशेष दुकान पर पहुंची, तो दुकानदार ने इसका कड़ा विरोध किया। विवाद इतना बढ़ा कि हताश होकर व्यापारी ने खुद पर केरोसिन डालकर आग लगा ली। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और अन्य व्यापारियों ने कंबल और पानी की मदद से आग बुझाई, लेकिन तब तक व्यापारी काफी झुलस चुका था।
घटना के बाद मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। निगम के अधिकारियों का कहना है कि वे केवल वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों का पालन कर रहे थे और चिन्हित अतिक्रमणों को हटाया जा रहा था। हालांकि, व्यापारी के आत्मघाती कदम के बाद टीम को पीछे हटना पड़ा।







