एक्सप्रेस-वे पर मौत का मंजर: चलती कार बनी आग का गोला, 5 लोग जिंदा जले
सभी मरने वाले मध्यप्रदेश के श्योपुर निवासी

अलवर,एजेंसी। राजस्थान के अलवर जिले में दिल्ली-मुम्बई एक्सप्रेस-वे पर देर रात एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया। तेज रफ्तार से दौड़ रही कार अचानक आग का गोला बन गई, जिसमें सवार 5 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर रूप से झुलस गया। जानकारी के मुताबिक, यह हादसा लक्ष्मणगढ़ थाना क्षेत्र के मौजपुर के पास पिलर नंबर 115/300 के करीब हुआ। कार दिल्ली से कोटा की ओर जा रही थी, तभी अज्ञात कारणों से उसमें आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया और सवार लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
हादसे में मध्यप्रदेश के श्योपुर निवासी तीन महिलाएं, एक बच्ची और एक पुरुष की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, चालक विनोद कुमार मेहर ने किसी तरह कार से कूदकर अपनी जान बचाई, लेकिन वह करीब 80 प्रतिशत तक झुलस गया है। घटना की सूचना मिलते ही एनएचएआई की पेट्रोलिंग टीम, एम्बुलेंस और लक्ष्मणगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। आग बुझाने के लिए तीन दमकलों को लगाया गया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी।
घायल चालक को पहले पिनान सीएचसी ले जाया गया, जहां से उसे गंभीर हालत में अलवर जिला अस्पताल रेफर किया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मृतकों की पहचान और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। एसपी सुधीर चौधरी ने भी मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। यह हादसा एक बार फिर हाईवे सुरक्षा और वाहन सुरक्षा को लेकर बड़े सवाल खड़े कर रहा है।






