भोपालमध्य प्रदेश

कलंकित हुआ रिश्ता: हत्या के मामले में 14 साल की सजा काटकर लौटे पिता ने बेटी से किया दुष्कर्म

कलंकित हुआ रिश्ता: हत्या के मामले में 14 साल की सजा काटकर लौटे पिता ने बेटी से किया दुष्कर्म

भोपाल, यशभारत। राजधानी के छोला मंदिर इलाके में रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। हत्या के मामले में 14 साल की उम्रकैद काटकर जेल से बाहर आए एक पिता ने अपनी ही बेटी की आबरू लूट ली। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपी को गिरफ्तार कर उसे दोबारा जेल की सलाखों के पीछे भेज दिया है।

डर और बदनामी के साये में रही पीड़िता
पुलिस के अनुसार, आरोपी करीब 15 दिन पहले ही जेल से रिहा होकर घर लौटा था। पीड़िता अपनी मां के साथ अलग रहती थी, लेकिन पिता के लौटने के बाद वह पिछले दो हफ्तों से उसके पास रहने आई थी। इसी दौरान पिता ने उसे डराया-धमकाया और उसके साथ घिनौनी वारदात को अंजाम दिया। सामाजिक लोक-लाज और पिता के खौफ के कारण पीड़िता काफी दिनों तक चुप रही।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई
जब आरोपी के अत्याचार बढ़ने लगे, तो पीड़िता ने साहस जुटाया और अपनी मां को आपबीती सुनाई। इसके बाद परिजनों के साथ छोला मंदिर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल दुष्कर्म की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया।

हत्या का पुराना रिकॉर्ड
जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी आदतन अपराधी है। वह पहले ही हत्या के एक संगीन मामले में 14 साल की लंबी सजा काट चुका है। जेल से बाहर आने के बाद सुधरने के बजाय उसने इस शर्मनाक वारदात को अंजाम दिया, जिससे पूरे इलाके में आक्रोश का माहौल है।

इनका कहना है…
पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
थाना प्रभारी, छोला मंदिर

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button