रांझी पुलिस ने किया नकबजनी का खुलासा, शातिर चोर गिरफ्तार, सोने-चांदी के जेवर, स्कूटी और चोरी में इस्तेमाल औजार बरामद

जबलपुर। थाना रांझी पुलिस ने नकबजनी की बड़ी वारदात का खुलासा करते हुए एक शातिर नकबजन को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए लाखों रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवर, घटना में प्रयुक्त औजार और बिना नंबर की स्कूटी बरामद की गई है। पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय द्वारा जिले में लूट, झपटमारी, नकबजनी और वाहन चोरी जैसी घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए सभी थाना प्रभारियों को सघन कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। इसी के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र सिंह एवं नगर पुलिस अधीक्षक रांझी सतीष कुमार साहू के मार्गदर्शन में थाना रांझी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक 7 मई 2026 को रक्षा नगर कॉलोनी बड़ा पत्थर निवासी सुमित कुमार गुप्ता ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वह सिवनी छपारा से वापस घर लौटे तो देखा कि अज्ञात चोर छत के रास्ते घर में घुसा और कमरे व आलमारी के ताले तोड़कर सोने-चांदी के जेवर और नगदी चोरी कर ले गया। चोरी गए सामान में मंगलसूत्र, हार, अंगूठियां, चैन, झुमकी, पायल, करधन सहित बड़ी मात्रा में चांदी के आभूषण शामिल थे।
मामले में थाना रांझी में अपराध क्रमांक 330/2026 धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्य जुटाए। जांच के दौरान मिले सुरागों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने आदित्य यादव उर्फ गुंडी (24) निवासी सिंधी कैंप, हनुमानताल को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में आरोपी ने चोरी करना स्वीकार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर बगिया टोला स्थित एक खंडहर में छिपाकर रखे गए सोने-चांदी के जेवर बरामद किए गए। साथ ही घटना में इस्तेमाल पेचकस, लोहे की रॉड और बिना नंबर की प्लेजर स्कूटी भी जब्त की गई।
पुलिस के अनुसार आरोपी आदित्य यादव उर्फ गुंडी आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ पहले से करीब 15 आपराधिक मामले दर्ज हैं। बताया जा रहा है कि आरोपी नशे की लत पूरी करने के लिए चोरी जैसी वारदातों को अंजाम देता था।
शातिर नकबजन को पकड़ने और चोरी का मशरूका बरामद करने में थाना प्रभारी रांझी उमेश कुमार गोल्हानी, उप निरीक्षक आभा दुबे, एएसआई मनीष जाटव, प्रधान आरक्षक पुरुषोत्तम, चंद्रभान सिंह, आरक्षक अभिषेक मिश्रा एवं मनीष पटेल की सराहनीय भूमिका रही।







