
राहुल गांधी ने छात्र पर पैलेट गन चलाने का आरोप उठाया, केंद्र सरकार से मांगी कार्रवाई
नई दिल्ली,यशभारत। दिल्ली में ‘संसद मार्च’ के दौरान हुए लाठीचार्ज और पुलिस कार्रवाई को लेकर सियासत तेज हो गई है। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को 19 वर्षीय छात्र साहिल को मीडिया के सामने पेश करते हुए आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान दिल्ली पुलिस ने उसके चेहरे पर पैलेट गन से हमला किया।
राहुल गांधी ने बताया कि साहिल दिल्ली विश्वविद्यालय का छात्र है और परिवार की आर्थिक मदद के लिए पार्ट-टाइम कार भी चलाता है। उन्होंने कहा कि साहिल वर्ष 2025 की एसएससी दिल्ली कांस्टेबल भर्ती परीक्षा के कथित पेपर लीक का भी पीड़ित रहा है। राहुल गांधी ने इस घटना को छात्रों के साथ अन्याय बताते हुए कहा कि उनकी पार्टी छात्रों के साथ खड़ी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करती है।राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से देश के छात्रों से माफी मांगने, घटना के जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई करने तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को तत्काल पद से हटाने की मांग की।
वहीं, दिल्ली पुलिस का कहना है कि संसद मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों की हिंसा में उसके कई पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। पुलिस ने पैलेट गन के इस्तेमाल के आरोपों पर अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।इधर, पुलिस कार्रवाई में गंभीर रूप से घायल हुई 21 वर्षीय छात्रा का इलाज दिल्ली के डॉ. राम मनोहर लोहिया (आरएमएल) अस्पताल में जारी है। अस्पताल के मेडिकल बुलेटिन के अनुसार छात्रा की हालत अब स्थिर है और उसे होश आ गया है, हालांकि अभी भी उसे क्रिटिकल केयर में रखा गया है। घटना को लेकर विपक्ष लगातार सरकार और दिल्ली पुलिस से जवाबदेही की मांग कर रहा है।







