SCADA सिस्टम के उपकरण चुराने वाले आरोपी दबोचे, बिजली कंपनी ने दर्ज कराई दोबारा FIR
रात्रि गश्त के दौरान रंगे हाथों पकड़े गए आरोपी

SCADA सिस्टम के उपकरण चुराने वाले आरोपी दबोचे, बिजली कंपनी ने दर्ज कराई दोबारा FIR
आधुनिक विद्युत व्यवस्था से छेड़छाड़ करने वालों पर सख्ती, उपभोक्ताओं से संदिग्ध गतिविधियों की सूचना देने की अपील
जबलपुर, यश भारत। शहर में आधुनिक विद्युत वितरण व्यवस्था को नुकसान पहुंचाने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड ने सख्त रुख अपनाया है। SCADA (सुपरवाइजरी कंट्रोल एंड डेटा एक्विजिशन) प्रणाली से जुड़े महंगे विद्युत उपकरण चोरी करने वाले आरोपियों के खिलाफ पुलिस में दोबारा एफआईआर दर्ज कराई गई है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक विद्युत अधोसंरचना से छेड़छाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।विद्युत कंपनी के अनुसार शहर में उपभोक्ताओं को निर्बाध, गुणवत्तापूर्ण और विश्वसनीय बिजली उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न वितरण केंद्रों और फील्ड नेटवर्क में अत्याधुनिक SCADA प्रणाली स्थापित की जा रही है। इसके तहत RMU, कॉम्पैक्ट सब स्टेशन (CSS), ऑटो रीक्लोजर, सेक्शनलाइजर और FRTU जैसे आधुनिक उपकरण लगाए गए हैं, जिनकी मदद से बिजली व्यवस्था की रियल टाइम मॉनिटरिंग, दूरस्थ संचालन, फॉल्ट की त्वरित पहचान, लोड प्रबंधन और कम समय में बिजली आपूर्ति बहाल करना संभव होता है।
रात्रि गश्त के दौरान रंगे हाथों पकड़े गए आरोपी
बीते कुछ समय से SCADA प्रणाली में लगी बैटरियां, FRTU, बायर कट सहित अन्य महत्वपूर्ण उपकरणों की चोरी की घटनाएं सामने आ रही थीं। इससे बिजली वितरण व्यवस्था प्रभावित होने के साथ उपभोक्ताओं को मिलने वाली आधुनिक सेवाओं में भी बाधा उत्पन्न हो रही थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए विभाग ने पहले भी संबंधित थानों में शिकायत दर्ज कराई थी और अधिकारियों-कर्मचारियों की विशेष रात्रिकालीन पेट्रोलिंग शुरू की थी। इसी अभियान के दौरान विभागीय टीम ने कुछ लोगों को SCADA सिस्टम से जुड़े उपकरण चोरी करते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया, जिसके बाद उनके खिलाफ दोबारा एफआईआर दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कराई गई।
चोरी से प्रभावित होती है हजारों उपभोक्ताओं की बिजली
विद्युत वितरण कंपनी ने कहा कि विभागीय उपकरणों की चोरी और सार्वजनिक विद्युत अधोसंरचना को नुकसान पहुंचाना गंभीर दंडनीय अपराध है। इससे सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचने के साथ हजारों उपभोक्ताओं की बिजली आपूर्ति और आवश्यक सेवाएं भी प्रभावित होती हैं।
आमजन से सहयोग की अपील
कंपनी ने नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं विद्युत उपकरणों के साथ छेड़छाड़, चोरी या कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल निकटतम विद्युत कार्यालय या पुलिस को दें, ताकि आधुनिक विद्युत व्यवस्था की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति मिलती रहे।







