15 लाख की नकली नोटों की गड्डियां थमाकर किया लाखों का खेल! तीन महीने बाद भी कार्रवाई नहीं
महिला पहुंची एसपी के दरबार

जबलपुर, यश भारत। फिल्मों जैसी कहानी का एक हैरान कर देने वाला मामला जबलपुर पुलिस अधीक्षक कार्यालय में सामने आया। बेलखेड़ा थाना क्षेत्र की रहने वाली एक महिला ने आरोप लगाया कि परिचित युवक ने उधार के 15 लाख रुपये लौटाने के नाम पर उसे नकली नोटों की गड्डियां थमा दीं। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि शिकायत के तीन महीने बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई, जिससे परेशान होकर महिला एक बार फिर न्याय की गुहार लेकर एसपी कार्यालय पहुंची।
बेलखेड़ा थाना क्षेत्र के एक गांव की निवासी गायत्री लोधी ने पुलिस अधीक्षक को दिए शिकायत पत्र में बताया कि उसका परिचित आनंद सिंह लोधी से लंबे समय से घरेलू संबंध थे और दोनों के बीच पैसों का लेनदेन भी चलता था। महिला के अनुसार, जब उधार की रकम करीब 15 लाख रुपये हो गई तो उसने अपने पैसे वापस मांगे।
आरोप है कि आनंद सिंह लोधी ने महिला से कहा कि वह पूरी राशि लौटा देगा और इसके लिए अपने दो लोगों को उसके घर भेजा। कुछ समय बाद दो युवक महिला के घर पहुंचे और 500-500 के नोटों की कुल 30 गड्डियां, जिनकी कुल कीमत 15 लाख रुपये बताई गई, सौंपकर चले गए।
अगले दिन जब महिला उक्त रकम को जमा कराने निकट के डाकघर पहुंची तो वहां पोस्ट ऑफिस के प्रबंधक ने जांच के दौरान बताया कि सभी नोट नकली हैं। यह सुनकर महिला के होश उड़ गए। इसके बाद उसने बेलखेड़ा थाने में शिकायत दर्ज कराई, जहां पुलिस ने नकली नोटों को जब्त कर लिया।
महिला का आरोप है कि शिकायत दर्ज होने और नकली नोट जब्त किए जाने के बावजूद पुलिस ने अब तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं की है। पहले भी एसपी कार्यालय में शिकायत देने के बावजूद कार्रवाई नहीं होने पर तीन माह बाद वह दोबारा पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी तथा मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की। फिलहाल पुलिस ने महिला की शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच का आश्वासन दिया है।







