हमीदिया में जेल प्रहरी को पीटकर भागा कैदी, 2 घंटे बाद पुलिस ने दबोचा

हमीदिया में जेल प्रहरी को पीटकर भागा कैदी, 2 घंटे बाद पुलिस ने दबोचा
भोपाल, यशभारत। भोपाल के हमीदिया अस्पताल से सुरक्षा में तैनात जेल प्रहरी से मारपीट कर हथकड़ी समेत फरार हुए कैदी को पुलिस ने महज दो घंटे के भीतर दबोच लिया। पुलिस की तत्परता से आरोपी सोहेल खान (पिता वाहिद खान) को शहर के मुर्गी बाजार क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी सोहेल खान भोपाल सेंट्रल जेल में धारा 151 के तहत बंद था। मानसिक स्वास्थ्य जांच और इलाज के लिए उसे हमीदिया अस्पताल के मनोचिकित्सक वार्ड लाया गया था। वार्ड के बाहर कतार में खड़े सोहेल ने मौका पाकर नीचे झुककर चप्पल उठाई और प्रहरी पर हमला कर दिया। इसके बाद वह तेजी से अस्पताल के बाहर की ओर भागा और पीछे से दरवाजा बंद कर दिया, जिससे प्रहरी और पुलिस जवान तुरंत उसका पीछा न कर सकें।
हथकड़ी लगे होने के बावजूद आरोपी भागने में कामयाब हो गया था, और यह पूरी वारदात अस्पताल के सीसीटीवी कैमरों में भी कैद हो गई थी।
मुर्गी बाजार से दबोचा गया आरोपी
घटना की सूचना मिलते ही कोहेफिजा थाना पुलिस और जेल प्रशासन हरकत में आया। थाना प्रभारी लोकेंद्र सिंह ठाकुर के नेतृत्व में पुलिस की टीमों ने फुटेज और मुखबिर सूचना के आधार पर संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ सर्चिंग शुरू की। घटना के महज 2 घंटे के भीतर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को मुर्गी बाजार इलाके से दोबारा गिरफ्तार कर लिया।







