हाथों में तिरंगा, जुबां पर देशभक्ति… पुलिस की तिरंगा यात्रा ने जगाया जोश
देशभक्ति के रंग में रंगा जबलपुर

जबलपुर,यशभारत। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जन-जन तक पहुंचाने और नागरिकों को अपने घरों, दुकानों एवं प्रतिष्ठानों पर राष्ट्रीय ध्वज लगाने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से शुक्रवार को जबलपुर पुलिस ने भव्य तिरंगा यात्रा निकाली। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के मार्गदर्शन में निकली इस वाहन रैली में पुलिस अधिकारी और जवान हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के रंग में नजर आए।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अपराध जितेन्द्र सिंह एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जोन-4 अंजना तिवारी ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सूर्यकांत शर्मा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात अखिलेश तिवारी के नेतृत्व में निकली यात्रा में रक्षित निरीक्षक जय प्रकाश आर्य सहित जिला पुलिस बल और यातायात पुलिस के अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे।

वाहनों पर ‘आजादी के रंग खाकी के संग’ और ‘हर घर तिरंगा’ जैसे संदेशों वाले बैनर लगाए गए थे। देशभक्ति गीतों के बीच पुलिसकर्मी चार पहिया और दोपहिया वाहनों से हाथों में तिरंगा लहराते हुए शहरवासियों को राष्ट्रीय पर्व पूरे उत्साह के साथ मनाने और अपने घरों पर तिरंगा फहराने के लिए जागरूक करते नजर आए।

तिरंगा यात्रा पुलिस अधीक्षक कार्यालय से शुरू होकर माल गोदाम चौक, हाईकोर्ट चौक, पर्यटन तिराहा, तैयब अली चौक, नौदरा ब्रिज, तीन पत्ती, पुराना बस स्टैंड, ब्लूम चौक, छोटी लाइन फाटक, गोरखपुर बाजार, कपूर क्रॉसिंग, बिरमानी पेट्रोल पंप, गणेश चौक, पेंटी नाका, एम्पायर तिराहा, पुल नंबर-2 होते हुए पर्यटन तिराहा, हाईकोर्ट चौक से पुलिस लाइन ग्राउंड पहुंचकर समाप्त हुई।

रैली के दौरान शहर की सड़कों पर तिरंगे लहराते नजर आए और पुलिसकर्मियों ने नागरिकों से स्वतंत्रता दिवस को राष्ट्रीय गौरव और उत्साह के साथ मनाने की अपील की।







