8 घंटे से गुल बिजली, कारण बताने तक को तैयार नहीं विभाग
अधिकारियों को लगाते रहे फोन, नहीं मिला कोई जवाब

जबलपुर, यश भारत। ग्वारीघाट रोड स्थित पॉलीपाथर नर्मदा टेकरी क्षेत्र के रहवासियों को सोमवार को भीषण गर्मी के बीच लंबे बिजली संकट का सामना करना पड़ा। क्षेत्र में सुबह से बिजली आपूर्ति ठप रही और समाचार लिखे जाने तक करीब 7 से 8 घंटे बीत जाने के बावजूद सप्लाई बहाल नहीं हो सकी थी। इससे लोगों की दिनचर्या पूरी तरह प्रभावित हो गई।
स्थानीय नागरिकों के अनुसार सोमवार होने के कारण अधिकांश लोग दफ्तर और अन्य कार्यों के लिए तैयार हो रहे थे, लेकिन बिजली नहीं होने से ट्यूबवेल और पानी की मोटरें नहीं चल सकीं। कई घरों में पानी की समस्या खड़ी हो गई, वहीं भीषण गर्मी में बिना पंखे और कूलर के लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी।

रहवासियों ने बताया कि बिजली गुल होने के कारण की जानकारी लेने के लिए कई बार 1912 हेल्पलाइन पर संपर्क किया गया, लेकिन वहां से भी स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी। लोगों का कहना है कि हेल्पलाइन पर मौजूद कर्मचारियों को भी बिजली बंद होने के वास्तविक कारण की जानकारी नहीं थी।
क्षेत्रवासियों ने आरोप लगाया कि उन्होंने एमपी विद्युत वितरण कंपनी के संबंधित अधिकारियों और स्थानीय जोन कार्यालय से भी संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन अधिकांश फोन रिसीव नहीं किए गए। मुख्य अधीक्षण अभियंता संजय अरोरा से भी दूरभाष पर संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनका फोन नहीं उठ सका।
लगातार घंटों तक बिजली और पानी की समस्या से जूझ रहे नागरिकों में भारी नाराजगी देखी गई। रहवासियों ने मांग की है कि विद्युत विभाग बिजली बाधित होने के कारणों की जानकारी सार्वजनिक करे और ऐसी स्थिति में त्वरित सूचना व्यवस्था सुनिश्चित करे, ताकि आम जनता को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।







