ग्राहक का इंतजार कर रहे गांजा तस्कर को पुलिस ने दबोचा,96 हजार का गांजा बरामद
पाटन पुलिस का नशे के कारोबार पर प्रहार

जबलपुर,यशभारत। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पाटन थाना पुलिस ने एक युवक को 1 किलो 924 ग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से गांजा, नगदी, मोबाइल फोन और परिवहन में प्रयुक्त बिना नंबर की मोटरसाइकिल जब्त की है। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अनु बेनीवाल तथा एसडीओपी पाटन लोकेश डाबर के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।
थाना प्रभारी गोपिन्द्र सिंह ने बताया कि 11 जुलाई की रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम सिंगौरी स्थित बंजारी माता मंदिर के पास एक युवक बाइक पर गांजा बेचने के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर युवक भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन उसे पकड़ लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम विष्णु उर्फ रंजीत गौड़ (22) निवासी ग्राम भरदा, थाना बेलखेड़ा बताया। तलाशी के दौरान उसके पिट्ठू बैग से 1 किलो 924 ग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 96 हजार 200 रुपये बताई गई, बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से गांजा के अलावा बिना नंबर की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, सैमसंग कंपनी का कीपैड मोबाइल फोन तथा 200 रुपये नकद भी जब्त किए हैं। आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी गांजा कहां से लाया था और इसे किसे बेचने की तैयारी कर रहा था। मामले में आगे की जांच जारी है।







