पुलिस कमिश्नर ने किया गौतम नगर क्षेत्र में जनसंवाद – नशे और अवैध पार्किंग पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

पुलिस कमिश्नर ने किया गौतम नगर क्षेत्र में जनसंवाद
– नशे और अवैध पार्किंग पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
भोपाल, यश भारत। पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने नारियल खेड़ा स्थित गौतम नगर क्षेत्र में नागरिकों के साथ जनसंवाद किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र की कानून व्यवस्था और जन समस्याओं को सुना। नागरिकों ने प्रमुख रूप से फिज़ा कॉलोनी में अवैध पार्किंग के कारण लगने वाले जाम और रेशम केंद्र दरगाह रोड व पीजीबीटी कॉलेज के पीछे नशेड़ियों के जमावड़े की शिकायत की।
इन शिकायतों पर गंभीरता दिखाते हुए पुलिस कमिश्नर ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल नियमित गश्त बढ़ाने और सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनसंवाद में गौतम नगर और नगर निगम कॉलोनी में अवैध गांजा बिक्री की बात भी सामने आई, जिस पर पुलिस को त्वरित निराकरण के लिए कहा गया है।
सूचना देने वालों का नाम रहेगा गुप्त
सीपी ने नागरिकों से अपील की कि यदि कहीं भी कोई अवैधानिक गतिविधि दिखे, तो तुरंत डायल 112 पर कॉल करें। इसके अलावा मादक पदार्थों और अवैध हथियारों की गोपनीय जानकारी देने के लिए मोबाइल नंबर 7587648330 भी जारी किया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी।
शपथ और जागरूकता
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित नागरिकों को यातायात नियमों के पालन की शपथ दिलाई गई। साथ ही, पुलिस टीम द्वारा साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए ऑनलाइन ठगी से बचने के तरीके भी समझाए गए। पुलिस कमिश्नर ने कहा कि सुरक्षित समाज के लिए जनता और पुलिस के बीच निरंतर संवाद और सहयोग आवश्यक है।







