एसआईआर पर कांग्रेस के प्रदर्शन को लेकर भाजपा का पलटवार , चुनाव हारने पर ही कांग्रेस को एसआईआर नजर आता है

एसआईआर पर कांग्रेस के प्रदर्शन को लेकर भाजपा का पलटवार
चुनाव हारने पर ही कांग्रेस को एसआईआर नजर आता है
भोपाल यश भारत। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर कांग्रेस द्वारा चुनाव आयोग के खिलाफ किए जा रहे विरोध प्रदर्शन के बीच भाजपा ने कांग्रेस पर पलटवार किया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि जिन राज्यों में कांग्रेस चुनाव जीतती है वहां उसे न तो चुनाव आयोग दिखाई देता है और न ही एसआईआर। उनके अनुसार कांग्रेस चुनाव हारने के बाद ही एसआईआर को मुद्दा बनाती है।
खंडेलवाल ने कहा कि मतदाता सूची का पुनरीक्षण कोई नई प्रक्रिया नहीं है। उन्होंने कांग्रेस से कहा कि यदि एसआईआर के दौरान किसी वास्तविक मतदाता का नाम गलत तरीके से काटा गया है तो उसे सामने लाया जाए और चुनाव आयोग से नाम हटाए जाने का कारण पूछा जाए।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने दावा किया कि पुनरीक्षण प्रक्रिया में ऐसे नामों की पहचान की गई है जिनकी मतदाता सूची में एक से अधिक प्रविष्टियां हैं, जिन मतदाताओं की मृत्यु हो चुकी है अथवा जो भारत के नागरिक नहीं हैं। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को अद्यतन रखने के लिए ऐसे नामों की जांच और आवश्यक कार्रवाई की जाती है। खंडेलवाल ने कांग्रेस से सवाल किया कि यदि किसी वास्तविक भारतीय मतदाता का नाम एसआईआर के तहत हटाया गया है तो कांग्रेस उसे सामने लाए और चुनाव आयोग के समक्ष संबंधित मामले को उठाए। उन्होंने कांग्रेस के प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर भी कहा कि इस मुद्दे पर तथ्य सामने रखे जाने चाहिए।







