भोपालमध्य प्रदेश

पुलिस कमिश्नर ने इमामी गेट पर किया जनसंवाद

पुलिस कमिश्नर ने इमामी गेट पर किया जनसंवाद

 नशेड़ियों और अवैध पार्किंग पर कसेगा शिकंजा

भोपाल, यश भारत। राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने और नागरिकों की समस्याओं के सीधे निराकरण के लिए पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने इमामी गेट थाना कोतवाली क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में क्षेत्रवासियों ने यातायात और सुरक्षा से जुड़ी कई गंभीर समस्याओं से सीपी को अवगत कराया, जिस पर उन्होंने तत्काल संबंधित अधिकारियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।

यातायात बना सिरदर्द: रॉन्ग साइड और अवैध पार्किंग पर होगी सख्ती

क्षेत्रीय नागरिकों ने बताया कि दुकानों के सामने अवैध पार्किंग और ठेलों के अव्यवस्थित जमावड़े के कारण मार्ग बाधित हो रहा है। विशेषकर हमीदिया अस्पताल के पास ‘रॉन्ग साइड एंट्री’ से हर वक्त दुर्घटना का अंदेशा बना रहता है। इसके अलावा, सड़क किनारे लगने वाले नॉनवेज स्टॉल्स और ऑटो चालकों द्वारा बीच सड़क पर वाहन खड़े करने से शाम के समय ट्रैफिक जाम की स्थिति विकराल हो जाती है। सीपी ने इन शिकायतों पर संज्ञान लेते हुए यातायात पुलिस को रूट मैनेजमेंट सुधारने के निर्देश दिए।

नशाखोरी और देर रात तक खुलने वाली दुकानों पर पैनी नजर

जनसंवाद में सुरक्षा को लेकर भी बड़े मुद्दे उठे। स्थानीय लोगों ने बताया कि शाम ढलते ही गलियों में नशेड़ियों का जमावड़ा लग जाता है। कलारी के आसपास खुले में शराब, गांजा और सिगरेट का सेवन देर रात तक चलता है। वहीं, कुछ दुकानदार नियमों का उल्लंघन कर देर रात तक दुकानें संचालित कर रहे हैं। सीपी ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

मुखबिर की पहचान रहेगी गुप्त, डायल 112 का करें उपयोग

पुलिस कमिश्नर ने नागरिकों से अपील की कि वे मादक पदार्थों और अवैध हथियारों की तस्करी जैसे अपराधों को रोकने में पुलिस का सहयोग करें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम पूर्णतः गोपनीय रखा जाएगा। किसी भी अवैधानिक गतिविधि की स्थिति में नागरिकों को तुरंत डायल 112 पर कॉल करने को कहा गया है।

साइबर सुरक्षा की दी जानकारी, दिलाई यातायात की शपथ

सुरक्षा चर्चा के साथ-साथ पुलिस टीम ने नागरिकों को साइबर अपराधों से बचने के तरीके सिखाए। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी नागरिकों को यातायात नियमों का निष्ठापूर्वक पालन करने की शपथ दिलाई गई।

इनका कहना है 

नागरिकों की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है। पुलिस और जनता के बीच यह संवाद व्यवस्था को और पारदर्शी बनाएगा। अवैध गतिविधियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

संजय कुमार, पुलिस कमिश्नर

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button