भोपालमध्य प्रदेश

पुलिस कमिश्नर ने रोशनपुरा में किया जनसंवाद

पुलिस कमिश्नर ने रोशनपुरा में किया जनसंवाद

नशाखोरी और साइबर ठगी पर जनता ने रखे सवाल, सीपी बोले- सूचना देने वालों का नाम रहेगा गुप्त

भोपाल, यशभारत। राजधानी में अपराधों की रोकथाम, साइबर सुरक्षा और नशा मुक्ति के अभियान को गति देने के लिए पुलिस कमिश्नर संजय कुमार लगातार जनता के बीच पहुँच रहे हैं। इसी कड़ी में बीती रात उन्होंने अरेरा हिल्स थाना क्षेत्र के रोशनपुरा में नागरिकों के साथ सीधा संवाद किया। इस दौरान स्थानीय निवासियों ने पुलिसिया कार्यप्रणाली और क्षेत्र की समस्याओं को लेकर खुलकर अपनी बात रखी।

जनसंवाद के दौरान एक नागरिक ने पुलिस की धारा 151 के तहत होने वाली कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि जो लोग सुधर चुके हैं और लंबे समय से किसी अपराध में संलिप्त नहीं हैं, पुलिस उन्हें भी इस धारा में बंद कर देती है। वहीं, एक अन्य व्यक्ति ने नशाखोरी की समस्या उठाते हुए शिकायत की कि नशा करने वालों की सूचना देने पर पुलिस आती तो है, लेकिन उन्हें पकड़कर नहीं ले जाती। कार्यक्रम में एक महिला ने अपने पारिवारिक विवाद की शिकायत भी कमिश्नर के समक्ष रखी।

महिला सुरक्षा और साइबर जागरूकता पर जोर
महिलाओं को डिजिटल दुनिया में सुरक्षित रखने के लिए सीपी ने निर्देश दिए कि एसीपी एमपी नगर द्वारा विशेष रूप से महिलाओं के लिए अलग से साइबर जागरूकता संवाद आयोजित किया जाएगा। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को प्राप्त सभी शिकायतों और सुझावों के त्वरित निराकरण के आदेश दिए।

पुलिस को सूचना देने के लिए विशेष नंबर जारी
पुलिस कमिश्नर ने जनता से अपील की कि वे अपने आसपास होने वाली किसी भी अवैधानिक गतिविधि की जानकारी तत्काल डायल 112 पर दें। विशेष रूप से मादक पदार्थों और अवैध हथियारों की तस्करी रोकने के लिए उन्होंने मोबाइल नंबर 7587648330 जारी किया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस नंबर पर सूचना देने वाले नागरिक का नाम पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी नागरिकों को यातायात नियमों के पालन की शपथ दिलाई गई और उन्हें साइबर फ्रॉड से बचने के तरीके सिखाए गए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button