अटल जी के सपनों का ‘विकसित भारत’ बना रहे पीएम मोदी: अरुण सिंह

अटल जी के सपनों का ‘विकसित भारत’ बना रहे पीएम मोदी: अरुण सिंह
जन्मशताब्दी वर्ष: 25 दिसंबर को ग्वालियर और रीवा आएंगे गृह मंत्री अमित शाह, कई योजनाओं की देंगे सौगात
भोपाल, यशभारत। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और सांसद अरुण सिंह ने शनिवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी के ‘विकसित भारत’ के सपने को धरातल पर उतार रहे हैं। अटल जी ने राष्ट्र निर्माण के जिन कार्यों की नींव रखी थी, उन्हें मोदी सरकार निरंतर आगे बढ़ा रही है।
अटल जी के विचारों पर केंद्रित होगा जन्मशताब्दी वर्ष
अरुण सिंह ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी श्रद्धेय अटल जी के जन्मशताब्दी वर्ष को पूरे देश में ‘सम्मान, स्मरण और संकल्प’ के साथ मना रही है। इस अवसर पर देश भर में उनके सुशासन मॉडल और राष्ट्र के प्रति उनके योगदान को जन-जन तक पहुँचाया जाएगा।
प्रदेश को मिलेगी बड़ी सौगात
इसी कड़ी में आगामी 25 दिसंबर को अटल जी की जयंती के अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मध्य प्रदेश के प्रवास पर रहेंगे। शाह ग्वालियर और रीवा में अटल जी की स्मृति और उनके विजन से जुड़ी कई महत्वपूर्ण योजनाओं का शुभारंभ करेंगे। इन योजनाओं का उद्देश्य अंतिम छोर के व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुँचाना है।
सप्ताह भर चलेंगे सेवा और वैचारिक कार्यक्रम
भाजपा महासचिव ने जानकारी दी कि 25 से 31 दिसंबर तक मध्य प्रदेश के सभी जिला कार्यालयों, प्रमुख सार्वजनिक स्थानों और विधानसभा क्षेत्रों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अटल जी के जीवन, उनके संघर्ष, व्यक्तित्व और विचार पर आधारित चित्र प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी। प्रत्येक विधानसभा स्तर पर सम्मेलन होंगे, जिनमें बुद्धिजीवी और आमजन अटल जी के सुशासन मॉडल पर चर्चा करेंगे। पार्टी कार्यकर्ता अटल जी के सिद्धांतों को समाज के बीच ले जाकर राष्ट्र निर्माण का संकल्प लेंगे।
प्रेस वार्ता के दौरान पार्टी के अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी भी उपस्थित रहे। भाजपा का लक्ष्य इस आयोजन के माध्यम से नई पीढ़ी को अटल जी के राजनीतिक शुचिता और राष्ट्रप्रेम के सिद्धांतों से परिचित कराना है।







