राजधानी में गिरा दिन का पारा: भोपाल में 26.2°C पहुंचा तापमान, गुलाबी ठंड ने पकड़ी रफ्तार

राजधानी में गिरा दिन का पारा: भोपाल में 26.2°C पहुंचा तापमान, गुलाबी ठंड ने पकड़ी रफ्तार
भोपाल, यशभारत। मध्यप्रदेश में ठंड ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। राजधानी भोपाल समेत प्रदेशभर में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। पिछले कुछ दिनों से ज्यादातर शहरों में दिन का तापमान सामान्य से 4 से 7 डिग्री सेल्सियस तक नीचे दर्ज किया जा रहा है, जिससे अक्टूबर के आखिरी और नवंबर की शुरुआत में ही लोगों को गुलाबी ठंड का अहसास होने लगा है।
भोपाल और इंदौर में लुढ़का दिन का पारा
मौसम विभाग के 31 अक्टूबर के आंकड़ों के मुताबिक, राजधानी भोपाल में अधिकतम तापमान 26.2°C और इंदौर में 27.3°C दर्ज किया गया। दिन के समय तापमान में आई इस बड़ी गिरावट के चलते शहरवासियों ने दिन में भी ठंडक महसूस की। हालांकि, इसके विपरीत प्रदेश के कुछ इलाकों में न्यूनतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी भी दर्ज की गई है, जिससे रात और दिन के पारे में उतार-चढ़ाव बना हुआ है।
बंगाल की खाड़ी से उठे सिस्टम पर मौसम विभाग की नजर
मौसम में हो रहे इस अचानक बदलाव के पीछे बंगाल की खाड़ी में सक्रिय हुआ चक्रवाती सिस्टम बताया जा रहा है। दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी से उठा डिप्रेशन पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुमान के अनुसार, यह सिस्टम 3 नवंबर की सुबह तक दक्षिणी आंध्र प्रदेश के तट (नेल्लोर और नरसापुर के बीच) के पास एक गंभीर चक्रवाती तूफान के रूप में टकरा सकता है। इस दौरान हवा की रफ्तार 100 से 120 किमी/घंटा तक पहुंचने की आशंका है।
हालांकि इस चक्रवाती तूफान का मध्यप्रदेश के मौसम पर कितना और क्या प्रभाव पड़ेगा, इसे लेकर मौसम विभाग लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और आगामी पूर्वानुमान का इंतजार किया जा रहा है।







