कांवड़ यात्रा के दौरान एयरगन से फायरिंग से फैली दहशत, कांवड़ियों ने पुलिसकर्मियों को घेरा, देखे वीडियो ….
धार्मिक यात्रा में फायरिंग पर सवाल

जबलपुर,यशभारत। ग्वारीघाट थाना क्षेत्र के भीम नगर के समीप कांवड़ यात्रा के दौरान एयर गन से फायरिंग किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद धार्मिक यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। फायरिंग की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और एयर गन को अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद कुछ देर के लिए वहां स्थिति तनावपूर्ण होने की बात सामने आई। जानकारी के अनुसार कांवड़ यात्रा के दौरान एयर गन से फायरिंग की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना पर पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और एयर गन को कब्जे में लेकर कार्रवाई का प्रयास किया। बताया जा रहा है कि इसी दौरान कुछ लोगों ने पुलिसकर्मियों को घेर लिया और कथित तौर पर उनके कब्जे से एयर गन वापस छीन ली। इस घटनाक्रम के बाद मौके पर पुलिस और मौजूद लोगों के बीच विवाद की स्थिति बन गई।
धार्मिक यात्रा में फायरिंग पर सवाल
कांवड़ यात्रा श्रद्धा और आस्था से जुड़ा धार्मिक आयोजन है। ऐसे में यात्रा के दौरान एयर गन से फायरिंग करने का औचित्य समझ से परे है। भले ही एयर गन से गंभीर नुकसान की आशंका सामान्य हथियारों की तुलना में कम हो, लेकिन भीड़भाड़ वाले आयोजन में इस तरह की हरकत से अफरा-तफरी और दुर्घटना की स्थिति पैदा हो सकती है। धार्मिक यात्राओं में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं। ऐसे में किसी भी प्रकार के हथियार का प्रदर्शन या फायरिंग सुरक्षा के लिहाज से गंभीर विषय है। खासकर तब, जब पुलिस के मौके पर पहुंचने के बाद भी कथित रूप से उसके कब्जे से एयर गन छीनने की स्थिति सामने आए।
जांच के बाद स्पष्ट होगी स्थिति
घटना के बाद पुलिस पूरे मामले की जानकारी जुटा रही है। एयर गन से फायरिंग किसने की और पुलिस के कब्जे से उसे वापस कैसे छीना गया, इसकी जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। प्रशासन के सामने धार्मिक आयोजनों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने की चुनौती भी है।







