ओवैसी का तीखा वार: भारत से खेलने से पीछे हटे पाकिस्तान पर बोले—‘तो आए ही क्यों थे?’
पाकिस्तान की टीम को “बेकार” बताया

नई दिल्ली,एजेंसी। टी20 विश्व कप 2026 को लेकर माहौल गरमाता जा रहा है। टूर्नामेंट के कार्यक्रम के अनुसार 15 फरवरी को भारत और पाकिस्तान के बीच बहुप्रतीक्षित मुकाबला कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जाना है। लेकिन इस मैच से पहले ही विवाद खड़ा हो गया है। पाकिस्तान सरकार ने साफ कर दिया है कि उसकी टीम भारत के खिलाफ मैदान में नहीं उतरेगी। इस फैसले को लेकर भारत में सियासी प्रतिक्रियाएं तेज़ हो गई हैं।
एआईएमआईएम प्रमुख और हैदराबाद से सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने पाकिस्तान पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने पाकिस्तान की टीम को “बेकार” बताते हुए कहा कि जब भारत टी20 वर्ल्ड कप की मेज़बानी कर रहा है, तब पाकिस्तान का इस तरह का रुख़ समझ से परे है। ओवैसी ने कहा, “अगर उन्हें भारत के खिलाफ खेलना ही नहीं है तो वे यहां आए ही क्यों? उन्हें साफ-साफ कहा जाना चाहिए कि यहां से चले जाएं। वे मैच खेलने से इनकार कर रहे हैं और सब लोग चुपचाप सुन रहे हैं।”
ओवैसी के इस बयान के बाद भारत-पाक मैच को लेकर बहस और तेज़ हो गई है। अब सभी की निगाहें अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) और टूर्नामेंट आयोजकों के अगले कदम पर टिकी हैं।







