निशातपुरा स्टेशन शुरू होने से सुगम होगा रेल परिचालन, लेट-लतीफी पर लगेगा अंकुश; मंत्री कैलाश सारंग ने लिया तैयारियों का जायजा

निशातपुरा स्टेशन शुरू होने से सुगम होगा रेल परिचालन, लेट-लतीफी पर लगेगा अंकुश; मंत्री कैलाश सारंग ने लिया तैयारियों का जायजा
भोपाल, यशभारत। पश्चिम मध्य रेलवे के भोपाल रेल मंडल में एक बड़ा परिचालनगत सुधार होने जा रहा है। 28 जुलाई को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा निशातपुरा रेलवे स्टेशन के भव्य लोकार्पण के साथ ही मुख्य भोपाल रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों और यात्रियों का दबाव कम हो जाएगा। इस नई व्यवस्था के तहत 28 जुलाई से मालवा एक्सप्रेस और सोमनाथ-जबलपुर एक्सप्रेस अब मुख्य भोपाल स्टेशन की जगह निशातपुरा रेलवे स्टेशन पर ही रुका करेंगी।
लोकार्पण समारोह से पूर्व तैयारियों और व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने के लिए खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने निशातपुरा स्टेशन परिसर का सघन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मंत्री सारंग ने रेलवे अधिकारियों के साथ प्लेटफॉर्म, फुट ओवर ब्रिज, वेटिंग हॉल, शेड और टिकट काउंटर जैसी सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने स्टेशन तक पहुँचने वाले एप्रोच रोड, पार्किंग स्थल और सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त करने के कड़े निर्देश दिए। साथ ही लोकार्पण कार्यक्रम के मुख्य मंच, सिटिंग अरेंजमेंट और यात्रियों की सुरक्षा को लेकर दिशा-निर्देश जारी किए।
रेलवे परिचालन के दृष्टिकोण से यह बदलाव अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इंदौर-उज्जैन और बीना-गुना रेल मार्ग से आने-जाने वाली ट्रेनों को जब मुख्य भोपाल स्टेशन पर लाया जाता था, तो वहां इंजन और दिशा बदलने में करीब 45 मिनट का समय लगता था। इससे न केवल ट्रेनें लेट होती थीं, बल्कि मुख्य भोपाल स्टेशन की पटरियां और सिग्नल सिस्टम भी लंबे समय तक ब्लॉक रहते थे। निशातपुरा में स्टॉपेज बनने से अब यह समय बचेगा और ट्रेनों की रफ्तार में सुधार आएगा।
वर्तमान में भोपाल रेलवे स्टेशन पर प्रतिदिन लगभग 230 ट्रेनों की आवाजाही होती है और करीब 45 हजार से अधिक यात्री सफर करते हैं। निशातपुरा स्टेशन के शुरू होने से मुख्य स्टेशन पर यात्रियों और यातायात का दबाव नियंत्रित होगा। एनएसजी-3 श्रेणी के इस नए स्टेशन पर आधुनिक बुनियादी ढांचा तैयार किया गया है, जिससे आने वाले समय में कुछ अन्य नई ट्रेनों की शुरुआत और ठहराव का रास्ता भी साफ होगा।
रेल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिन यात्रियों ने 28 जुलाई या उसके बाद की तिथियों के लिए मालवा एक्सप्रेस या सोमनाथ-जबलपुर एक्सप्रेस में भोपाल स्टेशन से यात्रा का टिकट बुक कराया है, उन्हें अब निशातपुरा स्टेशन से ही ट्रेन पकड़नी होगी। हालांकि शहर के कुछ हिस्सों से आने वाले यात्रियों को अतिरिक्त दूरी तय करनी होगी, लेकिन रेलवे का मानना है कि इससे संपूर्ण रेल यातायात सुचारू और समयबद्ध हो सकेगा।







