जबलपुरमध्य प्रदेश

खितौला बैंक डकैती कांड में एक और आरोपी गिरफ्तार, 60 लाख का 350 ग्राम सोना व देशी पिस्टल बरामद

क्राइम ब्रांच की टीम ने बिहार से किया गिरफ्तार

जबलपुर,यशभारत। खितौला थाना क्षेत्र स्थित इसाफ स्मॉल फाइनेंस बैंक में वर्ष 2025 में हुई चर्चित डकैती के मामले में जबलपुर पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने बिहार के गया जिले से छोटू उर्फ सरमन मेहतो (23) को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर डकैती के दौरान लूटे गए सोने को बेचने और शेष आभूषण अपने कब्जे में छिपाकर रखने का आरोप है। पुलिस ने उसके कब्जे से करीब 350 ग्राम सोने के जेवर, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 60 लाख रुपए है, बरामद किए हैं। साथ ही मुख्य आरोपी सुनील पासवान की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त 7.65 एमएम बोर की देशी पिस्टल भी जब्त की गई है।

WhatsApp Image 2026 07 27 at 14.48.10

उल्लेखनीय है कि 11 अगस्त 2025 को पांच सशस्त्र बदमाशों ने खितौला स्थित इसाफ स्मॉल फाइनेंस बैंक में घुसकर कर्मचारियों को हथियारों के बल पर बंधक बना लिया था और लगभग 14 किलो 800 ग्राम सोने के जेवरात तथा करीब पांच लाख रुपए नकद लूटकर फरार हो गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस महानिरीक्षक जबलपुर जोन प्रमोद वर्मा, पुलिस उप महानिरीक्षक अतुल सिंह तथा पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण किया था और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की थी। साथ ही अज्ञात आरोपियों की गिरफ्तारी पर 30 हजार रुपए के इनाम की घोषणा भी की गई थी।

जांच के दौरान 15 जुलाई 2026 को मुख्य आरोपी सुनील पासवान को गिरफ्तार कर पुलिस रिमांड पर लिया गया। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि डकैती के बाद उसके हिस्से में आए सोने को उसने अपने साथी छोटू उर्फ सरमन मेहतो की मदद से धीरे-धीरे बेचा तथा बचा हुआ सोना उसके पास सुरक्षित रखवाया था।

इसके बाद थाना खितौला एवं क्राइम ब्रांच की टीम ने बिहार एसटीएफ के सहयोग से गया जिले के शेरघाटी क्षेत्र से छोटू उर्फ सरमन मेहतो को गिरफ्तार किया। पूछताछ और आरोपियों की निशानदेही पर छिपाकर रखा गया 350 ग्राम सोना बरामद किया गया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त देशी पिस्टल भी जब्त कर दोनों आरोपियों को जबलपुर लाकर न्यायालय में प्रस्तुत किया। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे भी पूछताछ जारी है और लूटे गए शेष माल की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button