देश

ऑनलाइन गेम की लत से एक झटके में उजड़ गया घर,3 नाबालिग बहनों की 9वीं मंजिल से कूदकर मौत

टास्क-बेस्ड ऑनलाइन कोरियन “लव गेम” खेल रही थीं

गाजियाबाद,एजेंसी। गाजियाबाद के भारत सिटी बी-1 टावर से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। मंगलवार देर रात फ्लैट नंबर 907 में रहने वाली तीन सगी नाबालिग बहनों ने हाथ पकड़कर 9वीं मंजिल की बालकनी से छलांग लगा दी। तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। रात करीब 2 बजे तेज आवाज सुनकर कॉलोनी के लोग बाहर आए, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मृतक बहनों की उम्र 12 से 16 वर्ष के बीच बताई जा रही है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, तीनों बहनें लंबे समय से एक टास्क-बेस्ड ऑनलाइन कोरियन “लव गेम” खेल रही थीं। दावा किया जा रहा है कि कोरोना काल से ही उन्हें इस गेम की लत लग गई थी। हाल ही में पिता द्वारा गेम खेलने से मना करने और डांटने के बाद वे मानसिक रूप से परेशान थीं। इसी के बाद यह कदम उठाए जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, परिवार की ओर से अभी कोई औपचारिक बयान सामने नहीं आया है।

पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और तीनों के मोबाइल फोन फोरेंसिक जांच के लिए भेजे जाएंगे। एडिशनल पुलिस कमिश्नर (लॉ एंड ऑर्डर) आलोक प्रियदर्शी ने बताया कि शुरुआती जांच में यह आत्महत्या का मामला प्रतीत हो रहा है। उन्होंने कहा कि तीनों बहनें एक साथ रहती थीं और मोबाइल गेम खेलती थीं। किन परिस्थितियों में यह घटना हुई, इसकी हर पहलू से जांच की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button