भोपालमध्य प्रदेश

डिजिटल ठगी से बचाएगा एक सही फैसला, भोपाल के 33 स्थानों पर पुलिस ने चौपाल लगाकर जनता को किया जागरूक

डिजिटल ठगी से बचाएगा एक सही फैसला, भोपाल के 33 स्थानों पर पुलिस ने चौपाल लगाकर जनता को किया जागरूक

शाहजहानाबाद पुलिस ने वाजपेयी नगर मल्टी में सिखाए सुरक्षा के गुर

भोपाल, यशभारत। राजधानी में आधुनिक युग के बढ़ते साइबर अपराधों पर लगाम लगाने के लिए मध्य प्रदेश पुलिस द्वारा संचालित सेफ क्लिक 2.0 अभियान के तहत भोपाल पुलिस कमिश्नरेट द्वारा बड़े स्तर पर जन जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में भोपाल कमिश्नर के समस्त थाना क्षेत्रों में कुल 33 स्थानों पर विशेष जनसंवाद आयोजित किए गए, जिसमें करीब 100 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए लगभग 1625 नागरिकों और विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा के महत्वपूर्ण टिप्स देकर जागरूक किया।

इस वृहद अभियान के अंतर्गत शाहजहानाबाद थाना इलाके में आने वाली वाजपेयी नगर मल्टी में भी एक विशेष ग्राउंड कनेक्ट कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यहां शाहजहानाबाद थाने से सहायक उपनिरीक्षक रमाशंकर खरे, आरक्षक पुष्पेंद्र यादव, आरक्षक दीपक पांडे, आरक्षक सुनील भाबर और आरक्षक मनु सिंह की टीम ने कमान संभाली। पुलिस टीम ने मल्टी के रहवासियों के बीच पहुंचकर उनसे सीधा संवाद स्थापित किया और कानून व्यवस्था को लेकर उनकी रोजमर्रा की समस्याओं और सुझावों को सुना।

संवाद के दौरान पुलिस टीम ने रहवासियों को सतर्क करते हुए समझाया कि आज के डिजिटल दौर में एक सही फैसला आपको बड़ी ठगी से बचा सकता है, जबकि लालच या जल्दबाजी में किसी अज्ञात या संदिग्ध लिंक पर किया गया सिर्फ एक गलत क्लिक आपकी जीवनभर की गाढ़ी कमाई को पल भर में चपत लगा सकता है। मोबाइल चलाते समय और डिजिटल लेन-देन करते समय विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।

भोपाल के अलग-अलग कोनों में हुए इन आयोजनों में पुलिस ने आमजन को फर्जी निवेश योजनाओं, कस्टमर केयर फ्रॉड, फिशिंग लिंक, सोशल मीडिया हैकिंग, ओटीपी और बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी से भी साझा न करने की सख्त हिदायत दी। इसके साथ ही हबीबगंज पुलिस द्वारा जूट केंद्र रवि शंकर नगर, अयोध्या नगर पुलिस द्वारा मीनाल क्षेत्र, अरेरा हिल्स पुलिस द्वारा महाबली गेट और निशातपुरा पुलिस द्वारा हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी सहित शहर के अन्य कई प्रमुख और संवेदनशील इलाकों में भी इसी तरह चौपालें लगाकर लोगों को डिजिटल सुरक्षा के गुर सिखाए गए।

पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे अपने आस-पड़ोस में होने वाली किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अवांछित तत्वों की सूचना तुरंत स्थानीय थाने को देकर एक जिम्मेदार नागरिक का फर्ज निभाएं। इसके साथ ही यह भी साफ किया गया कि यदि कोई व्यक्ति किसी भी प्रकार की साइबर ठगी का शिकार हो जाता है, तो बिना कोई समय गंवाए तत्काल 1930 साइबर हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क करें या केंद्र सरकार के आधिकारिक एनसीआरपी पोर्टल पर अपनी शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते त्वरित कार्रवाई की जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button